सनसनीखेज खुलासा: देहरादून में बुजुर्ग महिला की हत्या, 12 घंटे के भीतर कातिल गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें 👉

देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र में 72 वर्षीय बुजुर्ग महिला रेखा बंसल की हत्या के मामले का दून पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, महिला की हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उनके घर में काम करने वाले नौकर विनीत कुमार ने की थी। बकाया पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी ने बुजुर्ग महिला का मुंह और नाक दबा दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी महिला के सोने के कड़े लेकर फरार हो गया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना के करीब 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, तीन सितंबर को दिनेश बंसल निवासी रायपुर ने डायल-112 पर सूचना दी कि उनकी 72 वर्षीय पत्नी रेखा बंसल घर के अंदर अचेत अवस्था में पड़ी हैं। महिला के चेहरे पर चोट के निशान भी थे। सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिला की गंभीर हालत को देखते हुए तत्काल चिकित्सकों को बुलाया गया। जांच के बाद चिकित्सकों ने रेखा बंसल को मृत घोषित कर दिया।

मामले की जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि रेखा बंसल और उनके घर में काम करने वाले नौकर विनीत कुमार के बीच बकाया पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस के मुताबिक, विवाद के दौरान महिला ने शोर मचाना शुरू कर दिया। आरोपी को पकड़े जाने का डर सताने लगा और इसी दौरान उसने महिला का मुंह और नाक दबा दिया। दम घुटने से महिला की मौत हो गई।

हत्या के बाद सोने के कड़े लेकर भागा
वारदात के बाद आरोपी महिला के सोने के कड़े लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस से बचने के लिए उसने अपने कपड़े भी बदल लिए थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर पुलिस की कई टीमें गठित की गईं।

पुलिस टीमों ने तेजी से जांच करते हुए आरोपी विनीत कुमार को घटना के महज 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मूल रूप से ग्राम मंजयाली, बड़कोट, उत्तरकाशी का रहने वाला है और वर्तमान में नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में रह रहा था।

आरोपी के कब्जे से सोने के कड़े बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मृतका के सोने के कड़े भी बरामद कर लिए हैं। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े अन्य तथ्यों और वारदात के पीछे की परिस्थितियों की भी जांच कर रही है।

दून पुलिस की त्वरित कार्रवाई से हत्या के इस मामले का 12 घंटे के भीतर खुलासा होने से पुलिस की जांच और कार्रवाई की तेजी सामने आई है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad