गौला में अवैध खनन परिवहन पर प्रशासन का शिकंजा: सघन जांच में दर्जनों वाहन कार्रवाई की जद में
लालकुआं। गौला नदी खनन क्षेत्र में नियमों को ताक पर रखकर संचालित किए जा रहे वाहनों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ा अभियान छेड़ दिया है। शुक्रवार को परिवहन विभाग की टीमों ने खनन मार्गों पर एक साथ कई स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाकर वाहन चालकों और स्वामियों में हड़कंप मचा दिया। कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में ऐसे वाहन पकड़े गए, जिनमें दस्तावेजों की अनियमितता, ओवरलोडिंग और अन्य नियमों के उल्लंघन के मामले सामने आए।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर चलाए गए इस विशेष अभियान में परिवहन विभाग ने गौला खनन क्षेत्र के प्रमुख निकास मार्गों पर निगरानी बढ़ाई। जांच के दौरान कई वाहन ऐसे मिले, जिनका संचालन निर्धारित नियमों के विपरीत किया जा रहा था। अधिकारियों ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए दर्जनों वाहनों के चालान किए और गंभीर अनियमितता पाए जाने पर कुछ वाहनों को जब्त भी कर लिया।
संभागीय परिवहन अधिकारी अरविंद पांडे ने बताया कि खनन क्षेत्र में लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ वाहन निर्धारित मानकों का पालन किए बिना संचालन कर रहे हैं। इसी के मद्देनजर विशेष अभियान चलाया गया, जिसमें बेरी पड़ाव गेट, आंवला चौकी गेट, मोटाहल्दु गेट और लालकुआं गेट पर वाहनों की जांच की।
अभियान के दौरान ओवरलोडिंग को लेकर भी सख्ती दिखाई गई। कई वाहनों में तय सीमा से अधिक खनन सामग्री भरी मिली, जिसके चलते उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई। जिसमें 50 से अधिक वाहनों के चालान किए गए, जबकि नियमों का उल्लंघन करते पाए गए 5 ओवरलोड डंपरों को सीज कर दिया गया।
विभागीय अधिकारियों का कहना है कि सड़क सुरक्षा और राजस्व संरक्षण को ध्यान में रखते हुए इस तरह के अभियान भविष्य में भी जारी रहेंगे।
परिवहन विभाग ने वाहन स्वामियों को चेतावनी देते हुए कहा है कि बिना वैध दस्तावेजों के वाहन संचालन, ओवरलोडिंग और अन्य नियमों के उल्लंघन पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने सभी वाहन संचालकों से परिवहन नियमों का पालन करने की अपील भी की है।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


आज का राशिफल (05 सितंबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
उत्तराखंड: भारी बारिश का अलर्ट, इस जिले में 5 सितंबर को सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद
सनसनीखेज खुलासा: देहरादून में बुजुर्ग महिला की हत्या, 12 घंटे के भीतर कातिल गिरफ्तार