बिंदुखत्ता के भास्कर जोशी ने बढ़ाया क्षेत्र का मान, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया में इंजीनियर पद पर चयन
लालकुआं। बिंदुखत्ता क्षेत्र के होनहार युवा भास्कर जोशी ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर एक और बड़ी सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया- AAI) में उनका चयन एग्जीक्यूटिव (इंजीनियरिंग इलेक्ट्रिकल) पद पर हुआ है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया द्वारा जारी नियुक्ति पत्र के बाद क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है।
इंद्रानगर-2 बिंदुखत्ता निवासी स्वर्गीय पूरन चंद्र जोशी के पुत्र भास्कर जोशी इससे पहले भी अपनी प्रतिभा का परिचय दे चुके हैं। उन्होंने गेट परीक्षा में 98.33 प्रतिशत परसेंटाइल हासिल करते हुए ऑल इंडिया स्तर पर 1132वीं रैंक प्राप्त की थी। इसके आधार पर उनका चयन आईआईटी रुड़की में एमटेक के लिए हुआ, जहां उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग विभाग में सेमीकंडक्टर टेक्नोलॉजी विषय में प्रवेश लिया।
भास्कर ने वर्ष 2021 में गोविंद बल्लभ पंत इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, पौड़ी गढ़वाल से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बीटेक की पढ़ाई पूरी की। वर्तमान में वह आईआईटी रुड़की से एमटेक कर रहे हैं।
परिजनों के अनुसार बीटेक के बाद भास्कर ने नौकरी की बजाय प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को प्राथमिकता दी। उन्होंने नोएडा में अपने बड़े भाई रोहित जोशी के साथ रहकर बिना किसी कोचिंग के सेल्फ स्टडी के माध्यम से यह सफलता हासिल की। उनके बड़े भाई रोहित जोशी नोएडा में टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप में कार्यरत हैं। वहीं उनके चाचा मोहन चंद जोशी एक निजी कंपनी से हेड इलेक्ट्रिकल पद से सेवानिवृत्त हो चुके हैं। भास्कर बिंदुखत्ता निवासी वरिष्ठ पत्रकार दीप चंद्र जोशी के छोटे भाई हैं।
भास्कर जोशी की इस उपलब्धि पर सांसद अजय भट्ट, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, पूर्व कैबिनेट मंत्री हरीश चंद्र दुर्गापाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह बिष्ट, सेंचुरी पेपर मिल के सीईओ अजय गुप्ता, उपाध्यक्ष नरेश चंद्र, पूर्व विधायक नवीन दुम्का, प्रमोद कॉलोनी, हरेंद्र बोरा, राजेंद्र सिंह खनवाल, चेयरमैन सुरेंद्र लोटनी, हेमवतीनंदन दुर्गापाल, लक्ष्मण खाती सहित अनेक गणमान्य लोगों ने खुशी जताते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।


आज का राशिफल (24 मई 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
उत्तराखंड: हीट स्ट्रोक से निपटने के लिए धामी सरकार का अलर्ट, सभी जिलों के लिए एडवाइजरी जारी
बड़ी खबर: उत्तराखंड शासन में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, IAS और PCS अधिकारियों के विभागों में बदलाव