नैनीताल: प्राइवेट स्कूलों की मनमानी पर बड़ा एक्शन, दो और स्कूलों को नोटिस, अब तक 107 विद्यालयों को जारी…..

ख़बर शेयर करें 👉

हल्द्वानी। नैनीताल जिले में निजी स्कूलों की मनमानी के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। अभिभावकों पर महंगी किताबों और अतिरिक्त शुल्कों का बोझ डालने वाले दो और निजी विद्यालयों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। इसके साथ ही जिले में नोटिस पाने वाले निजी स्कूलों की संख्या बढ़कर 107 पहुंच गई है।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर मुख्य शिक्षा अधिकारी गोविंद राम जायसवाल ने विभिन्न शिकायतों और जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई करते हुए सेन ग्लोबल स्कूल और ग्रीन माउंट ग्लोबल स्कूल को नोटिस जारी किया है।

इससे पहले हल्द्वानी, लालकुआं, रामनगर, भवाली और भीमताल क्षेत्र के 105 निजी विद्यालयों को नोटिस भेजे जा चुके हैं। लगातार हो रही कार्रवाई से निजी स्कूल संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है।

जांच में सामने आया कि कई स्कूलों द्वारा एनसीईआरटी पुस्तकों की जगह महंगी निजी प्रकाशनों की किताबें अनिवार्य की जा रही थीं, जिससे अभिभावकों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा था। इसके अलावा कुछ स्कूल विशेष दुकानों से किताबें और शिक्षण सामग्री खरीदने के लिए अभिभावकों पर अप्रत्यक्ष दबाव भी बना रहे थे। कई विद्यालयों की वेबसाइट पर फीस और पुस्तक सूची जैसी जरूरी जानकारी भी उपलब्ध नहीं पाई गई।

प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी विद्यालय 15 दिनों के भीतर संशोधित पुस्तक सूची जारी करें और एनसीईआरटी पुस्तकों को प्राथमिकता दें। साथ ही किसी विशेष विक्रेता से खरीद की बाध्यता तत्काल समाप्त की जाए। स्कूलों को अपनी वेबसाइट पर शुल्क संरचना और पुस्तक सूची सार्वजनिक करने के भी निर्देश दिए गए हैं।

जिला प्रशासन ने अभिभावकों द्वारा खरीदी गई अनावश्यक पुस्तकों के पैसे वापस करने या फीस में समायोजन करने के निर्देश भी दिए हैं। इसके अलावा शिक्षण शुल्क के अतिरिक्त वसूले गए अन्य अवांछित शुल्कों को आगामी फीस में समायोजित करने को कहा गया है।

जिलाधिकारी के निर्देश पर संबंधित विद्यालयों की जांच के लिए विकासखंड स्तरीय संयुक्त जांच समिति गठित की गई है, जो 15 दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट देगी। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि आदेशों का पालन न करने वाले विद्यालयों के खिलाफ मान्यता निलंबन, निरस्तीकरण और अन्य कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें 👉  बिंदुखत्ता में राजस्व ग्राम की मांग ने पकड़ा जोर, पदयात्रा में आज भी उमड़ा जनसैलाब; हजारों लोग हुए शामिल
Ad Ad Ad Ad