(बड़ी खबर) हल्द्वानी: जिले की ₹70 करोड़ से ज्यादा की वार्षिक योजना को मिली मंजूरी, स्वरोजगार और खेती बचाव पर खास फोकस

ख़बर शेयर करें 👉

हल्द्वानी। जिला योजना समिति नैनीताल की बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए ₹70 करोड़ 20 लाख 20 हजार की वार्षिक योजना को मंजूरी दे दी गई है। यह बैठक ग्राम्य विकास विभाग के सभागार, बागजाला हल्द्वानी में आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता जनपद प्रभारी मंत्री रेखा आर्या ने की।

बैठक में स्वरोजगार, मानदेय, वचनबद्ध कार्यों, चालू और नई परियोजनाओं को प्राथमिकता दी गई। इस वर्ष कुल 35 विभागों ने योजनाएं प्रस्तुत कीं, जिनमें कृषि, उद्यान, सिंचाई, रेशम, माध्यमिक शिक्षा, खेल, युवा कल्याण, पेयजल और बाल विकास प्रमुख रहे।

प्रस्तावित योजनाओं के तहत स्वरोजगार के लिए ₹11 करोड़, मानदेय हेतु ₹10.20 करोड़, वचनबद्ध योजनाओं के लिए ₹8 करोड़, चालू कार्यों के लिए ₹17 करोड़ और नई योजनाओं के लिए ₹18 करोड़ का प्रावधान किया गया है।

यह भी पढ़ें 👉  बिंदुखत्ता में राजस्व ग्राम की मांग ने पकड़ा जोर, पदयात्रा में आज भी उमड़ा जनसैलाब; हजारों लोग हुए शामिल

जंगली जानवरों से खेती की सुरक्षा के लिए कृषि और उद्यानिकी विभाग को मनरेगा कन्वर्जेंस के तहत चेन लिंक फेंसिंग और घेरबाड़ जैसी योजनाएं प्रस्तावित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही जिन आंगनबाड़ी केंद्रों में बिजली नहीं है, वहां उरेडा के माध्यम से विद्युत संयोजन सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए गए।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट: कल सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद

जिलाधिकारी वंदना ने बताया कि सभी योजनाएं जनप्रतिनिधियों और जनहित को ध्यान में रखकर तैयार की गई हैं। समिति की ओर से सामान्य मद में ₹5592.10 लाख, विशेष घटक उपयोजना (SCSP) में ₹1347.30 लाख और जनजातीय उपयोजना (TSP) में ₹81.10 लाख का अनुमोदन किया गया है।

प्रभारी मंत्री रेखा आर्या ने निर्देश दिए कि सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें और सुनिश्चित करें कि बजट का शत-प्रतिशत उपयोग समय पर हो। हर माह विभागीय प्रगति की समीक्षा भी की जाएगी।

यह भी पढ़ें 👉  अल्मोड़ा में बारिश का कहर, मकान पर गिरा पहाड़ी से मलबा; तीन लोगों की मौत

इस अवसर पर विधायक लालकुआं डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, रामनगर के दीवान सिंह बिष्ट, भीमताल के राम सिंह कैड़ा, जिला पंचायत प्रशासक बेला तोलिया, प्रमुख अधिकारी एवं समिति सदस्य मौजूद रहे। बैठक का संचालन जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी मुकेश नेगी ने किया।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad