हल्दूचौड़: टाइल्स खरीदकर फंसा ग्राहक? कजारिया शोरूम पर ठगी और गुमराह करने के आरोप! पीड़ित ने दी FIR की चेतावनी

ख़बर शेयर करें 👉

हल्दूचौड़ स्थित कजारिया (KAJARIA) टाइल्स शोरूम को लेकर एक ग्राहक ने गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित का दावा है कि शोरूम संचालक और मिस्त्री की मिलीभगत से उसे आर्थिक नुकसान पहुंचाया गया, जबकि 30 साल की गारंटी का दावा करने के बावजूद अब गारंटी को लिखित रूप में देने से इंकार किया जा रहा है। मामले को लेकर पीड़ित ने पुलिस और उपभोक्ता आयोग (कंज्यूमर कोर्ट) में जाने की चेतावनी दी है।

पीड़ित के अनुसार कुछ माह पहले उसने अपने मकान निर्माण के लिए हल्दूचौड़ स्थित कजरिया शोरूम से टाइल्स और पत्थर खरीदे थे। आरोप है कि खरीदारी के समय शोरूम की ओर से टाइल्स पर 30 साल की गारंटी का भरोसा दिया गया था। लेकिन अब जब ग्राहक ने गारंटी को पक्के बिल पर दर्ज करने की मांग की तो शोरूम प्रबंधन इससे बचने लगा।

ग्राहक का आरोप है कि शोरूम की ओर से उपलब्ध कराया गया पत्थर गुणवत्ता के अनुरूप नहीं था। साथ ही शोरूम से जुड़े मिस्त्री ने घर के सामने वाले हिस्से में बेमेल टाइल्स लगा दीं। पीड़ित का कहना है कि काम पूरा होने के बाद कई जगह टाइल्स खोखली आवाज करने लगीं, जिससे उनकी फिटिंग और गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि टाइल्स के नीचे पर्याप्त मसाला नहीं भरा गया, जिसके कारण भविष्य में उनके टूटने का खतरा बना हुआ है। कई बार शिकायत करने के बावजूद न तो कार्य में सुधार किया गया और न ही गारंटी संबंधी दस्तावेज उपलब्ध कराए गए।

मामले में ठेकेदार की भूमिका को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। ग्राहक का कहना है कि वह ठेकेदार की सलाह पर ही उक्त शोरूम तक पहुंचा था। अब जब विवाद बढ़ गया है तो ठेकेदार भी मामले से दूरी बनाता नजर आ रहा है।

पीड़ित ने स्पष्ट कहा है कि यदि उसे 30 साल की गारंटी के साथ पक्का बिल नहीं दिया गया और उसके नुकसान की भरपाई नहीं की गई तो वह पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के साथ ही उपभोक्ता आयोग का दरवाजा खटखटाएगा।
फिलहाल मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। वहीं संबंधित पक्ष का आधिकारिक बयान सामने आने का इंतजार किया जा रहा है।