लालकुआं: ध्वस्तीकरण या अवैध खनन? UCF परिसर में गहरी खुदाई पर उठे सवाल, SDM ने मारा औचक छापा

ख़बर शेयर करें 👉

लालकुआं। हल्दूचौड़ स्थित उत्तराखंड राज्य सहकारी संघ (UCF) के सोयाबीन एवं वनस्पति कॉम्प्लेक्स परिसर में चल रहे भवन ध्वस्तीकरण को लेकर उठ रही शिकायतों ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। ध्वस्तीकरण की आड़ में उपखनिज निकाले जाने और जमीन में जरूरत से ज्यादा गहराई तक खुदाई किए जाने के आरोपों के बीच गुरुवार को एसडीएम लालकुआं रेखा कोहली ने मौके पर पहुंचकर औचक निरीक्षण किया।

एसडीएम ने ध्वस्तीकरण स्थल का जायजा लेने के साथ परियोजना प्रबंधक को तलब कर पूरे मामले की पत्रावली प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने मामले की विस्तृत जांच शुरू करने की बात कही है।

ध्वस्तीकरण के साथ गहरी खुदाई पर सवाल
UCF परिसर में भवनों को गिराने का काम चल रहा है। इसी दौरान शिकायतें सामने आईं कि मलबे के साथ उपखनिज निकाले जाने के अलावा जमीन में अनावश्यक रूप से गहरी खुदाई की जा रही है। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए UCF प्रबंधन ने एक अवर अभियंता को मौके पर भेजा।

अवर अभियंता ने पहुंचकर फिलहाल वाहनों की आवाजाही रोक दी है, ताकि ध्वस्तीकरण से निकलने वाली सामग्री के परिवहन की प्रक्रिया की जांच की जा सके।

UCF प्रबंधक त्रिलोचन पाठक के अनुसार अब मलबे की प्रकृति, उसकी मात्रा और उसे बाहर ले जाने से संबंधित दस्तावेजों की जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि दस्तावेजों और सामग्री की जांच के बाद ही मलबे को परिसर से बाहर भेजा जाएगा।

CCTV फुटेज भी खंगालेगा प्रशासन
मामले की जांच के दौरान परिसर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जाएगी। एसडीएम रेखा कोहली ने कहा कि ध्वस्तीकरण शुरू होने से लेकर सामग्री उठाने और उसके परिवहन तक की पूरी प्रक्रिया की जांच की जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों के विपरीत किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

जांच के बाद साफ होगी तस्वीर
UCF परिसर में जमीन की गहराई तक की गई खुदाई को लेकर क्षेत्र में कई तरह की चर्चाएं और शिकायतें सामने आ रही हैं। फिलहाल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अब मौके की स्थिति, पत्रावली, CCTV फुटेज और मलबे के परिवहन से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि ध्वस्तीकरण के दौरान नियमों का पालन हुआ या नहीं।

ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें 👉  लालकुआं: रिश्तेदारी में गई थीं मकान मालकिन, पीछे से घर में लाखों की चोरी; कुंडा तोड़कर जेवर-नकदी ले उड़े चोर
Ad Ad Ad Ad