नैनीताल में भारी बारिश का अलर्ट: कल स्कूल-आंगनबाड़ी केंद्र बंद रखने के आदेश
नैनीताल 4 सितंबर 2026 सूवि। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार जनपद नैनीताल में दिनांक 5 सितंबर 2026 को “Orange Alert” की चेतावनी जारी की गई है, जिसमें कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा होने, गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने एवं वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर होने की संभावना व्यक्त की गई है।
वर्तमान में जनपद के विभिन्न (पर्वतीय एवं मैदानी) क्षेत्रों में वर्षा हो रही है, जिसके फलस्वरूप नदियों/नालों/गधेरों में तेज जल प्रवाह एवं संवेदनशील स्थलों में भू-स्खलन होने की संभावना है, जिससे किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना घटित हो सकती है।
तद्क्रम में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के दृष्टिगत जिलाधिकारी/अध्यक्ष, जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण नैनीताल ललित मोहन रयाल ने दिनांक 05.09.2026 (शनिवार) को जनपद नैनीताल के समस्त शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं निजी विद्यालयों (कक्षा 01 से 12 तक संचालित समस्त शैक्षणिक संस्थाओं) एवं समस्त आंगनबाड़ी केन्द्रों में 01 दिवसीय अवकाश घोषित किये जाने के आदेश पारित किये हैं।
साथ ही विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाचार्य/प्रधानाध्यापक/शिक्षकगण एवं कार्यालय स्टाफ हेतु भी अवकाश अनुमन्य रहेगा।
उक्त आदेश नैनीताल शहर क्षेत्रान्तर्गत संचालित आवासीय शैक्षणिक संस्थाओं एवं विद्यालयों पर लागू नहीं होगा, जहाँ छात्र-छात्राओं हेतु शैक्षणिक एवं आवासीय सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हैं।
मुख्य शिक्षाधिकारी, नैनीताल एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी, नैनीताल को निर्देशित किया गया है कि उपरोक्त समस्त शैक्षणिक संस्थाओं एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों में उक्त आदेश का अनुपालन कराना सुनिश्चित करायें। विचलन की दशा में सम्बन्धित के विरुद्ध आवश्यक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


उत्तराखंड: भारी बारिश का अलर्ट, इस जिले में 5 सितंबर को सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद
सनसनीखेज खुलासा: देहरादून में बुजुर्ग महिला की हत्या, 12 घंटे के भीतर कातिल गिरफ्तार
आज का राशिफल (04 सितंबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!