हेमवती नंदन दुर्गापाल ने युवाओं संग बिंदुखत्ता की बदहाल सड़कों के गड्ढों में रोपा धान, विकास के बड़े-बड़े दावों पर उठाए सवाल
लालकुआं। बिंदुखत्ता की बदहाल सड़कों और जगह-जगह जलभराव की समस्या को लेकर अब सियासत गरमाने लगी है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हेमवती नंदन दुर्गापाल ने क्षेत्र के युवाओं और ग्रामीणों के साथ सड़क पर उतरकर अनोखे अंदाज में विरोध दर्ज कराया। उन्होंने पानी से भरे सड़क के गड्ढों में धान की पौध रोपकर विकास के बड़े-बड़े दावों पर सवाल खड़े किए और जिम्मेदारों को बिंदुखत्ता की जमीनी हकीकत देखने की चुनौती दी।
खास बात यह रही कि दुर्गापाल ने यह विरोध प्रदर्शन अपने जन्मदिन के दिन किया। उनका कहना था कि जन्मदिन का जश्न मनाने से ज्यादा जरूरी क्षेत्र की जनता की समस्याओं के लिए आवाज उठाना है। उन्होंने युवाओं के साथ सड़क पर उतरकर धान की रोपाई की और बिंदुखत्ता की सड़कों की हालत को लेकर शासन-प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।
‘विकास के दावे बहुत, लेकिन सड़कों की हालत खुद बयां कर रही हकीकत’
हेमवती नंदन दुर्गापाल ने कहा कि एक तरफ क्षेत्र में विकास के बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं, लेकिन दूसरी तरफ बिंदुखत्ता की मुख्य और आंतरिक सड़कों की हालत जनता के सामने है। बारिश होते ही कई स्थानों पर सड़क के गड्ढे पानी से भर जाते हैं और सड़कें तालाब जैसी नजर आने लगती हैं।
उन्होंने सवाल उठाया कि यदि क्षेत्र में विकास तेजी से हुआ है तो बिंदुखत्ता के लोगों को आज भी अच्छी सड़क जैसी बुनियादी सुविधा के लिए संघर्ष क्यों करना पड़ रहा है?
दुर्गापाल ने कहा कि खराब सड़कों के कारण सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं और दोपहिया वाहन चालकों को उठानी पड़ रही है। गड्ढों में पानी भरने के बाद उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है।
युवाओं ने भी जताया आक्रोश
इस अनोखे प्रदर्शन में बड़ी संख्या में स्थानीय युवा और ग्रामीण भी शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि लंबे समय से सड़क की बदहाली की समस्या उठाई जा रही है, लेकिन इसके बावजूद स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
दुर्गापाल ने कहा कि सड़क पर धान रोपना केवल एक प्रतीकात्मक प्रदर्शन है। इसके माध्यम से जिम्मेदार लोगों तक यह संदेश पहुंचाने का प्रयास किया गया है कि बिंदुखत्ता की जनता अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि धरातल पर काम चाहती है।
बिंदुखत्ता की सड़कों के हॉटमिक्स की उठाई मांग
हेमवती नंदन दुर्गापाल ने काररोड सहित बिंदुखत्ता की सभी प्रमुख और आंतरिक सड़कों का जल्द हॉटमिक्स डामरीकरण कराने की मांग की। साथ ही जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करने के लिए बेहतर जल निकासी व्यवस्था विकसित करने की भी मांग उठाई।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि बिंदुखत्ता की सड़कों की स्थिति सुधारने के लिए जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष पुष्कर सिंह दानू, वर्तमान अध्यक्ष प्रदीप सिंह बथ्याल, वरिष्ठ नेता प्रमोद कलोनी, मोहन चंद्र कुडाई, गिरधर बम, यूथ कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष कमल दानू, कैप्टन इंद्र सिंह पनेरी, सूबेदार मेजर कुंदन सिंह मेहता, त्रिलोक सिंह मेहता, गोविंद बल्लभ भट्ट, विनोद सिंह बिष्ट, हेमंत पांडेय, मनोज दानू, घनश्याम फुलारा, चंचल सिंह मेहता, बसंत जोशी, वीरेंद्र कोरंगा, कुंदन सिंह कोरंगा और हरीश दानू सहित कई कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


उत्तराखंड में सनसनीखेज डबल मर्डर: दो साधुओं की हत्या कर जंगल में दफनाए शव, मंदिर का मुख्य पुजारी फरार
श्रद्धालुओं के लिए राहत भरी खबर: फिर शुरू हुई केदारनाथ यात्रा; सभी हाईवे खुले,…प्रशासन अलर्ट
आज का राशिफल (21 जुलाई 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
Uttarakhand School News: मंगलवार को खुलेंगे स्कूल, छुट्टी का फर्जी आदेश वायरल; प्रशासन ने दी FIR की चेतावनी