लालकुआं: यहां कंपनी से बाहर निकलते ही सड़क पर गिरी युवती, अस्पताल पहुंचने से पहले हुई मौत, मची अफरा-तफरी

ख़बर शेयर करें 👉

लालकुआं। मदरसन कंपनी में कार्यरत 21 वर्षीय युवती की शनिवार दोपहर संदिग्ध परिस्थितियों में अचानक मौत हो गई। ड्यूटी खत्म कर बाहर निकलते समय युवती अचानक सड़क पर गिर पड़ी, जिसके बाद उसे आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद कंपनी प्रबंधन और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।

यह भी पढ़ें 👉  लालकुआं में खाद्य विभाग की बड़ी छापेमारी: गैस एजेंसी और पेट्रोल पंपों में मिली गंभीर अनियमितताएं, नोटिस जारी

जानकारी के अनुसार हल्द्वानी के लामाचौड़ ईसाई नगर नंबर-1 निवासी रिमझिम पुत्री मनोहर लाल मोटाहल्दू स्थित मदरसन कंपनी में कार्यरत थी। शनिवार को वह अपनी ‘ए शिफ्ट’ की ड्यूटी पूरी करने के बाद दोपहर करीब 2 बजे कार्ड पंच कर बाहर निकली थी। बताया जा रहा है कि वह अन्य महिला कर्मचारियों के साथ बस में बैठने के लिए जा रही थी, तभी अचानक उसे चक्कर आया और वह सड़क पर गिर पड़ी।

साथी कर्मचारियों ने तत्काल उसे उठाकर कंपनी की गाड़ी से डॉ. सुशीला तिवारी चिकित्सालय पहुंचाया, लेकिन वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

कंपनी के एचआर हेड सुभाष तिवारी ने बताया कि रिमझिम इसी वर्ष फरवरी माह में कंपनी में नियुक्त हुई थी। परिवार में उसके एक भाई और तीन बहनें हैं, जिनमें एक बहन विवाहित है। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। फिलहाल मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।