(खुलासा): नई कार खरीदने के शौक ने पहुंचाया सलाखों के पीछे, पड़ोसी के घर से चुराया 15 लाख का सोना

ख़बर शेयर करें 👉

भवाली। नई कार खरीदने का जुनून ने एक 20 वर्षीय युवक को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। भवाली कोतवाली पुलिस ने घर से हुई लाखों रुपये के सोने के आभूषणों की चोरी का महज 24 घंटे में खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए 12 तोला सोने के आभूषण, जिनकी अनुमानित कीमत 15 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है, बरामद कर लिए हैं।

पुलिस के अनुसार आरोपी ने नई कार खरीदने के लिए अपने ही पड़ोसी के घर को निशाना बनाया था। चोरी किए गए सोने को बेचकर कार खरीदने की योजना थी, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने उसकी योजना पर पानी फेर दिया।

महिला ने दर्ज कराई थी चोरी की शिकायत
पुलिस के मुताबिक ग्राम गैराड़ी लटवाल निवासी उमा लटवाल ने 29 अगस्त को भवाली कोतवाली में तहरीर देकर घर से लाखों रुपये कीमत के सोने के आभूषण चोरी होने की सूचना दी थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने पुलिस को जल्द खुलासे के निर्देश दिए। इसके बाद भवाली पुलिस ने गांव और आसपास के क्षेत्रों में सुरागरसी-पतारसी शुरू की।

पड़ोसी युवक पर गहराया शक
जांच के दौरान पुलिस ने गांव के संदिग्ध लोगों से पूछताछ की और उपलब्ध साक्ष्यों को खंगाला। इसी दौरान पुलिस का शक गांव के ही 20 वर्षीय जितेन्द्र सिंह लटवाल उर्फ जित्तू पर गया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए पूरे 12 तोला सोने के आभूषण बरामद कर लिए।

कार खरीदने के लिए चोरी की थी
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह चोरी किए गए सोने को बेचकर नई कार खरीदना चाहता था। इसी उद्देश्य से उसने अपने पड़ोसी के घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

चोरी का पूरा माल बरामद होने के बाद पुलिस ने मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

भवाली पुलिस की इस कार्रवाई से पीड़ित परिवार को बड़ी राहत मिली है। पुलिस ने महज 24 घंटे में आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ चोरी किए गए लाखों रुपये के सोने के आभूषण भी शत-प्रतिशत बरामद कर लिए।

ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें 👉  हल्दूचौड़ में सड़क नहीं, रफ्तार बन रही जान की दुश्मन; आखिर कब सुधरेंगे बेतरतीब वाहन चलाने वाले?
Ad Ad Ad Ad