रामनगर का हैरान करने वाला मामला: कोबरा ने युवक को डसा, फिर उसने जो किया उसे देख डॉक्टर भी रह गए दंग

ख़बर शेयर करें 👉

रामनगर। नैनीताल जिले के रामनगर में सांप के काटने का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां कोबरा के डसने के बाद एक युवक पहले सांप को सुरक्षित डिब्बे में बंद कर उसी को साथ लेकर अस्पताल पहुंच गया। युवक के हाथ में डिब्बे के भीतर कोबरा देखकर अस्पताल में मौजूद लोग भी हैरान रह गए। चिकित्सकों ने तत्काल युवक का उपचार शुरू किया।

जानकारी के अनुसार, मुरादाबाद निवासी अरुण कुमार पिछले चार-पांच वर्षों से रामनगर के बेड़ाझाल क्षेत्र में पत्नी के साथ किराए पर रहकर टाइल्स लगाने का काम करते हैं। बताया गया है कि वह जरूरत पड़ने पर घरों में निकले सांपों का रेस्क्यू भी करते हैं।

रेस्क्यू के दौरान उंगली में कोबरा ने डसा
बुधवार सुबह करीब पांच बजे अरुण को गुबानपुर क्षेत्र के एक घर में कोबरा निकलने की सूचना मिली। वह मौके पर पहुंचे और सांप को पकड़कर सुरक्षित करने का प्रयास करने लगे। इसी दौरान कोबरा ने उनके हाथ की उंगली में डस लिया।
इसके बावजूद अरुण ने पहले सांप को डिब्बे में सुरक्षित किया, ताकि वह किसी अन्य व्यक्ति को नुकसान न पहुंचाए। इसके बाद वह इलाज के लिए रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय पहुंचे।

डिब्बे में कोबरा देख अस्पताल में मची हलचल
अस्पताल में जैसे ही लोगों ने अरुण के साथ लाए डिब्बे में कोबरा देखा तो कुछ देर के लिए हलचल मच गई। डॉक्टरों ने बिना देरी किए युवक का उपचार शुरू किया।

चिकित्सक डॉ. तौहीद के अनुसार, मरीज की इंडेक्स फिंगर पर सांप के काटने के स्पष्ट निशान मिले हैं। चिकित्सकीय प्रोटोकॉल के अनुसार उपचार किया जा रहा है और उसकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

जिस कोबरा ने डसा, उसी को लेकर पहुंचा अस्पताल
घटना के बाद यह मामला रामनगर में चर्चा का विषय बना हुआ है। जिस कोबरा के डसने के बाद तत्काल चिकित्सा सहायता की जरूरत थी, युवक उसी सांप को सुरक्षित करके अस्पताल तक ले आया।

हालांकि विशेषज्ञों की सामान्य सलाह यही है कि सांप के काटने पर उसे पकड़ने की कोशिश न करें और बिना समय गंवाए चिकित्सा सहायता लें, क्योंकि ऐसा करना दोबारा काटे जाने का खतरा बढ़ा सकता है।