बिंदुखत्ता में बेखौफ चोरों का आतंक: दिनदहाड़े घर में घुसकर 15 लाख के जेवर और नगदी उड़ाई,…VIDEO
लालकुआं। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत बिंदुखत्ता के तिवारी नगर चित्रकूट में रविवार को बेखौफ चोरों ने दिनदहाड़े बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम देकर इलाके में सनसनी फैला दी। चोर घर का दरवाजा तोड़कर करीब साढ़े 11 तोला सोने के जेवरात और नगदी चोरी कर फरार हो गए। चोरी गए सामान की कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार तिवारी नगर चित्रकूट निवासी खड़क सिंह कोठारी मर्चेंट नेवी में कार्यरत हैं। घर पर उनकी पत्नी चंद्रा कोठारी अपने दो बच्चों के साथ रहती हैं। रविवार सुबह करीब 11 बजे चंद्रा कोठारी बच्चों के साथ घर में ताला लगाकर घोड़ानाला स्थित ससुराल गई थीं। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने घर के पीछे लगे लोहे के दरवाजे को तोड़कर भीतर प्रवेश कर लिया।
चोरों ने आराम से घर की अलमारी का ताला तोड़ा और उसमें रखे साढ़े 11 तोले सोने के जेवरात और करीब 35 हजार रुपये की नगदी समेट ली। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए।
शाम करीब चार बजे जब चंद्रा कोठारी वापस घर लौटीं तो घर के अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। कमरे का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी से कीमती जेवरात गायब थे। घटना की सूचना मिलते ही ब्रजमोहन सिंह राणा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फोरेंसिक टीम की मदद ली है। मौके से फिंगरप्रिंट और अन्य साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। चोरों की तलाश के लिए एसओजी टीम को भी सक्रिय कर दिया गया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


आज का राशिफल (01 सितंबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
आज का राशिफल (31 अगस्त 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!