लालकुआं में दिनदहाड़े चोरी: महिला के मायके जाते ही बंद घर का ताला तोड़ लाखों के जेवर लेकर फरार हुए चोर

ख़बर शेयर करें 👉

लालकुआं। हल्दूचौड़ क्षेत्र के बमेठा बंगर खीमा गांव में बुधवार को दिनदहाड़े चोरी की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। घर की मालकिन गीता जोशी के मायके जाते ही अज्ञात चोरों ने बंद घर का ताला तोड़कर तीन तोला सोना और चांदी की पायल चुरा ली। चोरी की इस घटना को उस समय अंजाम दिया गया जब घर में कोई मौजूद नहीं था।

मिली जानकारी के अनुसार, देवेन्द्र जोशी की पत्नी गीता जोशी अपनी दो बेटियों के साथ घर में रहती हैं। बुधवार सुबह करीब 11 बजे वह पास के गांव हरिपुर लच्छी स्थित मायके चली गई थीं। इसी दौरान चोरों ने सुनसान घर को निशाना बनाते हुए मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और घर में घुसकर अलमारियों तथा बैंड बॉक्स में रखे सोने-चांदी के आभूषण चुरा लिए।

दोपहर करीब तीन बजे जब परिवार वापस लौटा तो मुख्य दरवाजा अंदर से बंद मिला। परिवार ने पीछे के दरवाजे से घर में प्रवेश किया तो अंदर का नजारा देखकर दंग रह गए। कमरों के ताले टूटे हुए थे और सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी व बैंड से तीन तोला सोने के आभूषण और एक जोड़ी चांदी की पायल चोरी हो चुकी थी।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड मौसम अपडेट: आज और कल साफ रहेगा मौसम, चारधामों में कड़ाके की ठंड, 9 फरवरी से बदलेगा मिजाज

सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी दीपशिखा अग्रवाल और कोतवाल दिनेश फर्त्याल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें 👉  खौड़ बालिका विद्यालय में वार्षिकोत्सव और विदाई समारोह, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजा आयोजन

पुलिस क्षेत्राधिकारी दीपशिखा अग्रवाल ने बताया कि घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है और चोरी का जल्द खुलासा करने के लिए पुलिस टीम को लगाया गया है। जल्द ही चोरों की गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है।