लालकुआं में दर्दनाक हादसा: हाईवे पार कर रहे युवक को तेज रफ्तार वाहन ने कुचला, मौके पर मौत

ख़बर शेयर करें 👉

लालकुआं। लालकुआं-हल्दूचौड़ मार्ग पर मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 44 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा बबूर गुमटी क्षेत्र में उस समय हुआ, जब युवक सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान हल्द्वानी की ओर से आ रहे तेज रफ्तार वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बबूर गुमटी निवासी प्रेम सिंह (44 वर्ष) नरूला प्लाट में चालक एवं चौकीदार के रूप में कार्यरत थे। मंगलवार रात करीब पौने 10 बजे वह हाईवे पार कर रहे थे। तभी तेज गति से आए एक अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रेम सिंह ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तत्काल पुलिस और 112 सेवा को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। युवक को हल्द्वानी स्थित डॉ. सुशीला तिवारी चिकित्सालय भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर मारने वाला वाहन घटनास्थल से फरार हो गया, लेकिन हादसे के दौरान उसकी नंबर प्लेट मौके पर ही गिर गई। पुलिस ने नंबर प्लेट को कब्जे में लेकर वाहन की पहचान और चालक की तलाश शुरू कर दी है।

घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। सड़क पर लहूलुहान हालत में प्रेम सिंह को देखकर परिवार में कोहराम मच गया। पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है और फरार वाहन चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।