लालकुआं: टांडा रेंज में टस्कर का फिर हमला, गेहूं से भरे टेम्पो को बनाया निशाना; कूदकर भागे तीन लोग
लालकुआं। कोतवाली क्षेत्र के तराई केंद्रीय वन प्रभाग की टांडा रेंज के सांप पठानी खत्ता क्षेत्र में एक बार फिर हाथी का आतंक देखने को मिला। गेहूं से लदा टेम्पो लेकर लालकुआं आ रहे चालक और उसके साथियों पर अचानक झाड़ियों से निकले डेढ़ दांत वाले टस्कर हाथी ने हमला बोल दिया।
हाथी को टेम्पो की ओर तेजी से बढ़ता देख चालक समेत तीनों लोगों ने तुरंत कूदकर अपनी जान बचाई। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि हाथी ने टेम्पो में लदी गेहूं की तीन बोरियां नीचे गिराकर बर्बाद कर दीं।
लालकुआं निवासी टेम्पो चालक बसीम खान ने बताया कि वे खत्ते से गेहूं लादकर लौट रहे थे, तभी अचानक झाड़ियों से हाथी निकल आया और सीधे टेम्पो पर हमला कर दिया। सभी लोग वाहन छोड़कर भाग गए, जिससे उनकी जान बच सकी।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और चालक व स्थानीय खत्तावासियों से जानकारी जुटाई। वन कर्मियों ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है और हाथी की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
गौरतलब है कि पिछले दो दिनों में इसी क्षेत्र में हाथी के हमलों में तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें एक महिला भी शामिल है। लगातार हो रही घटनाओं को देखते हुए वन विभाग ने लाउडस्पीकर के माध्यम से ग्रामीणों से जंगल में न जाने और सतर्क रहने की अपील की है।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


आज का राशिफल (01 सितंबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
आज का राशिफल (31 अगस्त 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!