लालकुआं में टस्कर हाथी का आतंक: 72 घंटे में तीसरी मौत, महिला को पटक-पटक कर उतारा मौत के घाट
लालकुआं। क्षेत्र के टांडा जंगल में एक दांत टूटा (डेड दांत) टस्कर हाथी का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बीते 72 घंटों के भीतर हाथी ने तीसरी जान ले ली है, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।
शुक्रवार को जंगल में लकड़ी बीनने गई एक 60 वर्षीय महिला को हाथी ने बेरहमी से मार डाला। मृतका की पहचान मैना देवी पत्नी स्वर्गीय बाबूलाल, निवासी झा कॉलोनी पंतनगर के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार शाह पठानी गांव से पंतनगर की ओर जाने वाले जंगल मार्ग में तीन महिलाएं लकड़ी बीनने गई थीं। इसी दौरान अचानक टस्कर हाथी जंगल से निकलकर उनकी ओर दौड़ पड़ा। हाथी को देख महिलाएं जान बचाने के लिए भागने लगीं, लेकिन हाथी ने मैना देवी का पीछा कर लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हाथी ने महिला को सूंड से पकड़कर कई बार जमीन पर पटका और फिर पैरों से कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना के बाद साथ गई अन्य महिलाएं किसी तरह जान बचाकर कॉलोनी पहुंचीं और लोगों को सूचना दी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक महिला दम तोड़ चुकी थी और हाथी जंगल की ओर चला गया था।
घटना की जानकारी मिलते ही लालकुआं कोतवाली पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस और वन विभाग के अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि मृतका के परिवार में एक बेटा और दो बेटियां हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
गौरतलब है कि इसी टस्कर हाथी ने दो दिन पहले भी सांप पठानी क्षेत्र में खेत में सो रहे दो लोगों को कुचलकर मार डाला था। लगातार हो रही इन घटनाओं से ग्रामीणों में भारी डर और आक्रोश है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि इस खतरनाक हाथी को जल्द पकड़कर क्षेत्र से हटाया जाए या सुरक्षित स्थान पर भेजा जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


आज का राशिफल (01 सितंबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
आज का राशिफल (31 अगस्त 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!