समर्थित प्रत्याशियों की हार से आहत युवक ने खाया ज़हर, उपचार के दौरान हुई मौत, क्षेत्र में शोक की लहर
लालकुआं। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के परिणामों ने एक घर से खुशियां और पूरे क्षेत्र से सन्नाटा छीन लिया। ग्राम प्रधान और बीडीसी पद के समर्थित प्रत्याशियों की हार से आहत होकर शांतिपुरी निवासी एक युवक ने ज़हर खा लिया। हालत बिगड़ने पर उसे रुद्रपुर के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृत युवक की पहचान शांतिपुरी खमिया नंबर-चार निवासी ललित आर्या (32 वर्ष), पुत्र डिगर राम आर्या के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक ललित इमलीघाट, गौला नदी क्षेत्र में गुरुवार दोपहर तड़पता हुआ मिला। स्थानीय लोगों ने उसे इस हालत में देखकर शोर मचाया और तुरंत परिचितों को बुलाया।
बताया गया कि ललित त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में ग्राम प्रधान पद की प्रत्याशी बबिता रौतेला और बीडीसी प्रत्याशी दीप्ति पांडा के प्रचार में पूरी निष्ठा से जुटा था। लेकिन गुरुवार को जैसे ही चुनाव परिणाम सामने आए और दोनों प्रत्याशियों की हार हुई, ललित को यह गहरा सदमा लगा।
स्थानीय लोगों के अनुसार चुनाव परिणाम के बाद ललित को सामाजिक ताने भी सुनने को मिले, जिनमें कहा गया कि उसने समर्थन किसी को जताया लेकिन वोट किसी और को दिया। यह बात उसे अंदर तक तोड़ गई और वह चुपचाप घर से निकल गया।
दोपहर करीब 2:48 बजे ललित ने अपने मित्र अनिल कुमार को फोन कर इमलीघाट बुलाया। अनिल जब वहां पहुंचा तो देखा कि ललित रेत पर पड़ा उल्टियां कर रहा था। उसकी जेब से ज़हर का पैकेट भी बरामद हुआ। ललित ने अनिल को बताया कि वह मानसिक तनाव और हार के सदमे से परेशान होकर ज़हर खा चुका है।
अनिल ने तुरंत परिजनों को सूचित किया और दोस्तों की मदद से ललित को रुद्रपुर के कई निजी अस्पतालों में ले जाने की कोशिश की, लेकिन बाठला अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ललित की मौत की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। एक हंसते-खेलते नौजवान की इस तरह से मौत ने हर किसी को स्तब्ध कर दिया है। परिजन बेसुध हैं और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। चुनावी माहौल में एक नौजवान की यह दुखद परिणति समाज के सामने कई सवाल भी छोड़ गई है।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


आज का राशिफल (05 सितंबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
नैनीताल में भारी बारिश का अलर्ट: कल स्कूल-आंगनबाड़ी केंद्र बंद रखने के आदेश
उत्तराखंड: भारी बारिश का अलर्ट, इस जिले में 5 सितंबर को सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद
सनसनीखेज खुलासा: देहरादून में बुजुर्ग महिला की हत्या, 12 घंटे के भीतर कातिल गिरफ्तार
उत्तराखंड हाईकोर्ट शिफ्टिंग मामले में बड़ा फैसला, नैनीताल से हल्द्वानी बेलबाबा ले जाने के खिलाफ याचिका खारिज