लालकुआँ: नदी में उपखनिज लेने पहुंचा फर्जी वाहन पकड़ाया, दूसरे वाहन की नंबर प्लेट और चिप लगाकर कर रहा था खेल
लालकुआँ। तराई पूर्वी वन प्रभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ऐसे वाहन को पकड़ लिया, जो बिना पंजीकरण के होने के बावजूद किसी अन्य पंजीकृत वाहन की नंबर प्लेट और चिप का इस्तेमाल कर नदी क्षेत्र में प्रवेश कर रहा था। मामले का खुलासा होने के बाद वन विभाग ने वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार वन विभाग के उपनिरीक्षक संदीप सूंठा को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक बिना पंजीकरण वाला वाहन किसी दूसरे वाहन की पहचान का इस्तेमाल कर नदी क्षेत्र से उपखनिज लेने पहुंच रहा है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध वाहन की जांच शुरू की।
जांच के दौरान सामने आया कि वाहन पर UK06 0810 नंबर की प्लेट लगी हुई थी, जबकि यह नंबर किसी अन्य पंजीकृत वाहन का है। इतना ही नहीं, नदी क्षेत्र में प्रवेश के लिए उसी वाहन की चिप का भी उपयोग किया जा रहा था। प्रथम दृष्टया मामला फर्जीवाड़े और नियमों के उल्लंघन का पाए जाने पर वन विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन को कब्जे में ले लिया।
वन विभाग ने वाहन को डोली रेंज परिसर में खड़ा करा दिया है। अधिकारियों का कहना है कि अब यह जांच की जा रही है कि बिना पंजीकरण वाला वाहन किसका है और दूसरे वाहन की नंबर प्लेट तथा चिप उसके पास कैसे पहुंची।
उपनिरीक्षक संदीप सूंठा ने बताया कि कार्रवाई वन क्षेत्राधिकारी गोला चन्दन सिंह अधिकारी, उप प्रभागीय वनाधिकारी अनिल जोशी और प्रभागीय वनाधिकारी हिमांशु बागड़ी के निर्देशन में की गई है।
वन विभाग ने साफ किया है कि नदी क्षेत्रों में अवैध उपखनिज निकासी, फर्जी नंबर प्लेट और नियमों को दरकिनार कर किए जा रहे किसी भी खेल को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


उत्तराखंड में कल भारी बारिश का अलर्ट, चार जिलों में स्कूल-आंगनबाड़ी बंद; प्रशासन ने जारी की चेतावनी
नैनीताल में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट: कल सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद
अल्मोड़ा में बारिश का कहर, मकान पर गिरा पहाड़ी से मलबा; तीन लोगों की मौत