हल्द्वानी में अवैध अतिक्रमण पर चला प्रशासन का बुलडोजर: नालों पर बने 20 से अधिक पक्के निर्माण किए ध्वस्त

ख़बर शेयर करें 👉

हल्द्वानी। मानसून के बीच शहर में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए जिला प्रशासन और नगर निगम ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। शनिवार को बनभूलपुरा क्षेत्र में नालों और नालियों पर किए गए 20 से अधिक अवैध पक्के निर्माणों पर जेसीबी गरजी। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि जल निकासी में बाधा बनने वाले अतिक्रमण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी और नगर आयुक्त परितोष वर्मा के नेतृत्व में प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम बनभूलपुरा के लाइन नंबर-1 स्थित ईदगाह के पास पहुंची। यहां नालों पर किए गए अवैध निर्माणों को जेसीबी की मदद से ध्वस्त किया गया।

अधिकारियों के मुताबिक, नालों पर अतिक्रमण होने के कारण बरसात के दौरान पानी की निकासी बाधित हो रही थी, जिससे सड़कों पर जलभराव की स्थिति पैदा होने के साथ स्थानीय लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।

प्रशासन का कहना है कि अतिक्रमणकारियों को पहले नोटिस जारी कर स्वयं अवैध निर्माण हटाने के निर्देश दिए गए थे। निर्धारित समय में अतिक्रमण नहीं हटाए जाने के बाद शनिवार को प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 20 से अधिक पक्के अतिक्रमण ध्वस्त कर दिए।

सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने स्पष्ट किया कि शहर की जल निकासी व्यवस्था में बाधा डालने वाले किसी भी अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आमजन की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की प्राथमिकता है।

वहीं, नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने कहा कि मानसून में लोगों को जलभराव की समस्या से राहत दिलाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। शहर के नालों और सरकारी भूमि को चरणबद्ध तरीके से अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा।

प्रशासन ने लोगों से सार्वजनिक नालों, नालियों और सरकारी भूमि पर अतिक्रमण नहीं करने की अपील करते हुए चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। आने वाले दिनों में शहर के अन्य क्षेत्रों में भी इसी तरह का अभियान चलाया जाएगा।