सावधान! हल्द्वानी में रॉन्ग साइड चलाया वाहन तो होगा सीज, लाइसेंस भी होगा सस्पेंड; DM ने दिए सख्त निर्देश

ख़बर शेयर करें 👉

हल्द्वानी। शहर और आसपास लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों को लेकर जिला प्रशासन अब सख्त एक्शन मोड में आ गया है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कैंप कार्यालय हल्द्वानी में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक लेते हुए दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट को तत्काल दुरुस्त करने, सड़कों पर साइनेज और स्पीड ब्रेकर लगाने तथा ओवरस्पीडिंग और रॉन्ग साइड ड्राइविंग के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।

हाल के दिनों में तीनपानी बाईपास पर हुई सड़क दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने रात के समय विजिबिलिटी बढ़ाने के लिए सेंसर युक्त एलईडी स्ट्रीट लाइट, कैमरे और रिफ्लेक्टिव साइन बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही वाहनों की रफ्तार नियंत्रित करने के लिए सड़क पर रम्बल स्ट्रिप की संख्या बढ़ाने को कहा गया है। एनएच और एनएचएआई के अधिकारियों को इन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिलाधिकारी ने कहा कि तीनपानी बाईपास पर पीक टाइम के दौरान पुलिस और परिवहन विभाग की टीमें तैनात की जाएंगी। रॉन्ग साइड वाहन चलाने वालों के खिलाफ चालान के साथ लाइसेंस निलंबित करने, वाहन सीज करने और भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 के तहत वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में जिले के चिह्नित संवेदनशील मार्गों और ब्लैक स्पॉट को जल्द सुधारने के साथ दुर्घटना संभावित स्थानों पर क्रैश बैरियर, चेतावनी बोर्ड और पैराफिट लगाने तथा गति सीमा नियंत्रित करने के निर्देश भी दिए गए।

वहीं, कोसी, अमृतपुर और गौला क्षेत्र में खनिज वाहनों के आवागमन से क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत के लिए खनिज न्यास निधि से 10 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। लोक निर्माण विभाग को क्षतिग्रस्त मार्गों की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने सड़क दुर्घटना पीड़ितों के कैशलेस उपचार की योजना की जानकारी देते हुए बताया कि इसके तहत दुर्घटना में घायल व्यक्ति को हादसे की तारीख से सात दिनों तक अस्पताल में 1.5 लाख रुपये तक का कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया जाता है।

सड़क सुरक्षा पखवाड़े के तहत जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल स्वयं सड़क पर उतरे और बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चला रहे लोगों को हेलमेट वितरित किए। उन्होंने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और बिना हेलमेट दोपहिया वाहन नहीं चलाने की अपील की।

बैठक में पुलिस अधीक्षक यातायात जगदीश चंद्र, संभागीय परिवहन अधिकारी अरविंद पांडे, विकास प्राधिकरण सचिव मनीष कुमार, नगर आयुक्त परितोष वर्मा सहित एनएच, एनएचएआई, नगर निगम और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।