बड़ी खबर(हल्द्वानी): वीकेंड पर नैनीताल-कैंची धाम जाने से पहले पढ़ लें ये खबर, पुलिस ने जारी किया नया ट्रैफिक प्लान
हल्द्वानी। वीकेंड पर कैंची धाम, भवाली, भीमताल और नैनीताल क्षेत्र में बढ़ने वाली पर्यटकों की भीड़ को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने विशेष यातायात एवं डायवर्जन प्लान लागू किया है। यह ट्रैफिक प्लान 30 और 31 मई 2026 को सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक प्रभावी रहेगा।
भारी वाहनों पर रहेगा प्रतिबंध
पुलिस प्रशासन के अनुसार हल्द्वानी-काठगोदाम और पर्वतीय मार्गों पर जाम की स्थिति से बचने के लिए भारी वाहनों के संचालन पर कई स्थानों पर प्रतिबंध लगाया गया है। यात्रा रूट पर सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी।
पर्वतीय क्षेत्रों से हल्द्वानी आने वाले भारी मालवाहक वाहनों को सुबह 8 बजे से रात 9 बजे तक जनपद सीमा पर रोका जाएगा। वहीं मैदानी क्षेत्रों से पहाड़ की ओर जाने वाले भारी वाहनों को गोलापार और खेड़ा चौकी क्षेत्र में रोका जाएगा।
पर्यटक वाहनों के लिए लागू रहेगा डायवर्जन
बरेली रोड से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले पर्यटक वाहनों को तीनपानी फ्लाईओवर से गोलापार रोड होते हुए नारीमन तिराहा काठगोदाम के रास्ते भेजा जाएगा। रुद्रपुर और पंतनगर की ओर से आने वाले वाहनों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।
रामनगर और बाजपुर से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले सभी वाहनों को कालाढूंगी-नैनीताल तिराहे से मंगोली मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं भवाली और नैनीताल से मैदानी क्षेत्रों की ओर लौटने वाले वाहनों को शाम 4 बजे से रात 9 बजे तक रूसी बाईपास और मंगोली मार्ग से भेजा जाएगा।
कैंची धाम में शटल सेवा से जाएंगे श्रद्धालु
कैंची धाम और भवाली क्षेत्र में भी विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू रहेगी। बाहरी राज्यों और जनपदों से आने वाले पर्यटकों के निजी वाहनों को भीमताल विकास भवन पार्किंग और भवाली सैनेटोरियम पार्किंग में पार्क कराया जाएगा। वहां से श्रद्धालुओं को शटल सेवा के माध्यम से कैंची धाम भेजा जाएगा।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वीकेंड के दौरान कैंची धाम क्षेत्र में टैक्सी दोपहिया वाहनों का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। दोपहिया वाहनों को निर्धारित पार्किंग में खड़ा कर शटल सेवा से आगे भेजा जाएगा।
पुलिस ने यात्रियों से की अपील
नैनीताल पुलिस ने यात्रियों और पर्यटकों से ट्रैफिक प्लान का पालन करने, निर्धारित रूट का इस्तेमाल करने और यात्रा के दौरान सहयोग बनाए रखने की अपील की है।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


आज का राशिफल (01 सितंबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
बिंदुखत्ता में राजस्व ग्राम की मांग ने पकड़ा जोर; 17वें दिन पदयात्रा में उमड़ी भारी भीड़
(खुलासा): नई कार खरीदने के शौक ने पहुंचाया सलाखों के पीछे, पड़ोसी के घर से चुराया 15 लाख का सोना
आज का राशिफल (31 अगस्त 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!