हल्द्वानी पुलिस का बड़ा खुलासा: शटर तोड़ लाखों की चोरी करने वाला शातिर 24 घंटे में गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें 👉

हल्द्वानी। नैनीताल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कार्यालय का शटर तोड़कर लाखों रुपये की चोरी करने वाले शातिर आरोपी को महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई नकदी में से ₹3.17 लाख से अधिक की रकम और महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं।

एसएसपी नैनीताल डॉ. मन्जुनाथ टी.सी. के निर्देश पर जिले में अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों के शीघ्र खुलासे के अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। मामले में एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल के मार्गदर्शन, सीओ हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष मुखानी सुशील जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सफलता हासिल की।

पुलिस के अनुसार 27 मई 2026 को हिम्मतपुर तल्ला निवासी विक्रम सिंह कनवाल ने थाना मुखानी में तहरीर देकर बताया कि बच्ची नगर नंबर-01 स्थित उनके कार्यालय का शटर तोड़कर अज्ञात चोर करीब ₹3.50 लाख नकदी और जरूरी दस्तावेज चोरी कर ले गया। तहरीर के आधार पर थाना मुखानी में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने संदिग्ध की पहचान कर तलाश शुरू की। लगातार निगरानी के बाद 28 मई को लामाचौड़ खास क्षेत्र में चेकिंग के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपी की पहचान बबलू (31 वर्ष) पुत्र डोरी लाल निवासी कालिका कॉलोनी, लोहारियासाल तल्ला, हल्द्वानी के रूप में हुई। आरोपी मूल रूप से पीलीभीत, उत्तर प्रदेश का रहने वाला है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की रकम में से ₹3,17,500 नकद और वादी का आधार कार्ड बरामद किया। मामले में धारा 317(2) BNS की बढ़ोतरी करते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है। आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पहले इसी कार्यालय में पेंटिंग का काम कर चुका था। उसी दौरान उसने कार्यालय की रेकी कर वहां रखी नकदी की जानकारी हासिल की और बाद में सुनियोजित तरीके से चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस टीम में थानाध्यक्ष सुशील जोशी, उपनिरीक्षक राजेंद्र सिंह, कांस्टेबल रोहित और कांस्टेबल पूरन सिंह शामिल रहे।