हल्द्वानी: होटल-रेस्टोरेंट संचालकों को खाद्य सुरक्षा के दिए गए गुर, एफएसएसएआई नियमों पर हुई कार्यशाला
हल्द्वानी। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के प्रावधानों और खाद्य व्यवसाय में गुणवत्ता एवं स्वच्छता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार को हल्द्वानी में होटल एवं रेस्टोरेंट संचालकों के लिए जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम का आयोजन खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा होटल और रेस्टोरेंट एसोसिएशनों के सहयोग से किया गया।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड विनय शंकर पाण्डेय तथा जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देशों के क्रम में आयोजित इस कार्यशाला में होटल अमरदीप, होटल शीतल, होटल सेवन स्टोन एंड रेस्टोरेंट, आदि आनंद उडुप्पीवाला रेस्टोरेंट और होटल क्ले एंड रेस्टोरेंट समेत विभिन्न प्रतिष्ठानों के संचालकों, प्रबंधकों, शेफ और स्टाफ ने भाग लिया।
कार्यशाला में उपायुक्त (खाद्य सुरक्षा) कुमाऊं मंडल डॉ. राजेन्द्र सिंह कठायत ने खाद्य सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “सुरक्षित आहार-स्वास्थ्य का आधार” है। उन्होंने एफएसएसएआई लाइसेंस की अनिवार्यता, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, एक्सपायरी उत्पादों के उपयोग पर रोक, पैकेजिंग एवं लेबलिंग नियमों तथा खाद्य कारोबारियों की जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
सहायक आयुक्त एवं अभिहित अधिकारी (खाद्य सुरक्षा) नैनीताल अजब सिंह रावत ने प्रतिभागियों को गुड मैन्युफैक्चरिंग प्रैक्टिसेस (GMP), गुड हाईजीन प्रैक्टिसेस (GHP), स्वच्छ रसोई, सुरक्षित पेयजल, खाद्य भंडारण, पेस्ट कंट्रोल, फूड फोर्टिफिकेशन और RUCO (रीयूज्ड कुकिंग ऑयल) जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया।
अधिकारियों ने होटल एवं रेस्टोरेंट व्यवसायियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के सभी प्रावधानों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
कार्यशाला में होटल और रेस्टोरेंट व्यवसाय से जुड़े 60 से अधिक प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के दौरान खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन और उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।


नैनीताल: कल जनपद दौरे पर रहेंगे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, जारी हुआ मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम
उत्तराखंड में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: चार पीसीएस अधिकारियों के तबादले,….आदेश जारी