हल्द्वानी: अजय भट्ट की पहल लाई रंग, अब मुंबई-काठगोदाम सुपरफास्ट ट्रेन चलेगी नियमित

ख़बर शेयर करें 👉

हल्द्वानी। कुमाऊं क्षेत्र के यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। पूर्व रक्षा राज्य मंत्री एवं सांसद अजय भट्ट के प्रयासों से मुंबई सेंट्रल-काठगोदाम सुपरफास्ट ट्रेन को अब नियमित संचालन की मंजूरी मिल गई है। रेलवे प्रशासन ने विशेष गाड़ी के रूप में संचालित 09075/09076 मुंबई सेंट्रल-काठगोदाम सुपरफास्ट ट्रेन को अब नियमित ट्रेन संख्या 21907/21908 के रूप में संचालित करने का निर्णय लिया है।

सांसद अजय भट्ट ने इस उपलब्धि पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने बताया कि कुमाऊं क्षेत्र के यात्रियों और मुंबई में रहने वाले उत्तराखंडवासियों की सुविधा के लिए वह लंबे समय से इस ट्रेन को स्थायी रूप से चलाने की मांग कर रहे थे। कई बार रेल मंत्री से मुलाकात कर उन्होंने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था, जिसके बाद रेलवे मंत्रालय ने ट्रेन को नियमित रूप से संचालित करने का फैसला लिया।

रेलवे के अनुसार 21907 मुंबई सेंट्रल-काठगोदाम सुपरफास्ट साप्ताहिक एक्सप्रेस का संचालन 27 मई 2026 से प्रत्येक बुधवार को मुंबई सेंट्रल से किया जाएगा। ट्रेन सुबह 10:55 बजे रवाना होकर अगले दिन हल्द्वानी होते हुए दोपहर 1:50 बजे काठगोदाम पहुंचेगी।

वहीं वापसी में 21908 काठगोदाम-मुंबई सेंट्रल सुपरफास्ट एक्सप्रेस 28 मई 2026 से प्रत्येक गुरुवार को शाम 5:30 बजे काठगोदाम से रवाना होगी और अगले दिन रात 9:00 बजे मुंबई सेंट्रल पहुंचेगी।

यह ट्रेन हल्द्वानी, लालकुआं, किच्छा, बहेड़ी, बरेली, मथुरा, कोटा, रतलाम, वडोदरा और सूरत समेत कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेगी। रेलवे प्रशासन के अनुसार ट्रेन में कुल 18 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें सामान्य श्रेणी, शयनयान, एसी थर्ड और एसी सेकेंड श्रेणी के कोच शामिल रहेंगे।