हल्द्वानी: यहां सड़क किनारे मिला 41 वर्षीय युवक का शव, इलाके में सनसनी; पुलिस की जांच पड़ताल जारी

ख़बर शेयर करें 👉

हल्द्वानी। मुखानी थाना क्षेत्र अंतर्गत कमलवागांजा स्थित खन्ना होटल के पास शुक्रवार सुबह सड़क किनारे एक 41 वर्षीय युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मुखानी पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। फिलहाल पुलिस मौत के कारणों की जांच में जुटी है।

मृतक की पहचान दीपक भट्ट (41) पुत्र उर्वादत्त भट्ट, निवासी इंदिरापुरम कॉलोनी, हरीपुर नायक के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में शरीर पर किसी प्रकार की गंभीर चोट के निशान नहीं मिले हैं, हालांकि कान के पास हल्की खरोंच पाई गई है।

पुलिस को शुक्रवार सुबह करीब 6:47 बजे डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि सड़क किनारे एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को मृत पाया। घटनास्थल पर उसकी चप्पलें सड़क पर बिखरी हुई मिलीं।

मृतक की भाभी रेनू भट्ट ने पुलिस को बताया कि दीपक शराब का आदी था और उसका इलाज चल रहा था। चिकित्सकों ने उसे शराब का सेवन न करने की सलाह दी थी। वह गुरुवार रात करीब नौ बजे घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा।

पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल भेज दिया है। मुखानी थाना पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।