हल्द्वानी का गौला पुल फिर सुर्खियों में; अब युवती ने नदी में लगाई छलांग,…जांच में जुटी पुलिस

ख़बर शेयर करें 👉

हल्द्वानी। शहर के गौला पुल पर बुधवार देर शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब 20 वर्षीय युवती ने कथित तौर पर घरेलू विवाद के बाद पुल से गौला नदी में छलांग लगा दी। घटना देख आसपास मौजूद लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े और युवती को नदी से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल उसका उपचार चल रहा है।

पुलिस के अनुसार युवती की पहचान बनभूलपुरा थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर निवासी मुस्कान (20 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना के बाद उसे गंभीर हालत में डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज किया जा रहा है।

भाई से विवाद के बाद पहुंची थी गौला पुल
बनभूलपुरा थाना प्रभारी दिनेश चंद्र फर्त्याल के मुताबिक, प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि युवती का अपने भाई से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद वह गौला पुल पहुंची और नदी में छलांग लगा दी। हालांकि घटना के पीछे की परिस्थितियों को लेकर पुलिस जानकारी जुटा रही है।

स्थानीय लोगों की तत्परता से बची जान
युवती के नदी में गिरते ही आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाई और उसे बाहर निकालने में मदद की। समय रहते अस्पताल पहुंचाए जाने के कारण उसकी जान बच सकी।

गौला पुल की सुरक्षा व्यवस्था पर फिर उठे सवाल
इस घटना ने गौला पुल पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है। कुछ दिन पहले भी एक किशोर की इसी पुल से कूदने के बाद मौत की घटना सामने आई थी। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के बाद पुल पर प्रभावी सुरक्षा उपायों और निगरानी की जरूरत महसूस की जा रही है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और युवती के परिजनों से भी घटना के संबंध में जानकारी ली जा रही है।