हल्द्वानी में बड़ा हादसा: बंद टैंक में उतरे मां और दो बेटों की दम घुटने से मौत, एक-दूसरे को बचाने में गई जान
हल्द्वानी। गौलापार क्षेत्र में मंगलवार शाम एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। ग्राम मानपुर में एक मकान के आंगन में बने लंबे समय से बंद अंडरग्राउंड टैंक में कथित जहरीली गैस की चपेट में आने से मां और उसके दो बेटों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि एक व्यक्ति के टैंक में अचेत होने के बाद उसे बचाने के प्रयास में एक-एक कर अन्य लोग भी अंदर उतरे, लेकिन वे भी दमघोंटू गैस की चपेट में आ गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम करीब 6 बजे ग्राम मानपुर स्थित एक मकान के आंगन में बने पूरी तरह बंद अंडरग्राउंड टैंक का शटरिंग ढक्कन खोला जा रहा था। टैंक काफी समय से बंद था और आशंका जताई जा रही है कि उसके भीतर जहरीली एवं दमघोंटू गैस जमा हो गई थी।
एक को बचाने उतरे दूसरे, देखते ही देखते तीन जिंदगियां खत्म
बताया जा रहा है कि सबसे पहले एक व्यक्ति टैंक के अंदर उतरा, जहां वह अचानक गैस की चपेट में आकर अचेत हो गया। उसे बचाने के लिए परिवार के अन्य सदस्य भी बिना किसी सुरक्षा उपकरण के टैंक में उतर गए, लेकिन वे भी गैस के प्रभाव में आकर बेहोश हो गए। एक-दूसरे को बचाने की कोशिश में मां और उसके दो बेटों की जान चली गई।
इस दौरान भोजराज नाम का एक अन्य व्यक्ति भी बचाव के लिए टैंक के अंदर गया था, लेकिन उसे समय रहते बाहर निकाल लिया गया। उसकी हालत सामान्य बताई गई है और वह सुरक्षित है।
अस्पताल पहुंचाया, लेकिन नहीं बच सकी तीनों की जान
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत कर तीनों को टैंक से बाहर निकाला और तत्काल उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान धर्मेंद्र सिंह बिष्ट (38) पुत्र भीम सिंह, सरस्वती देवी (58) पत्नी भीम सिंह और कुशल बिष्ट (35) पुत्र भीम सिंह के रूप में हुई है।
एक ही परिवार में तीन मौतों से मचा कोहराम
एक ही परिवार के मां और दो बेटों की एक साथ मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की खबर फैलते ही पूरे गौलापार और मानपुर क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। जिसने भी इस दर्दनाक हादसे के बारे में सुना, वह स्तब्ध रह गया।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


नैनीताल में भारी बारिश का अलर्ट: कल स्कूल-आंगनबाड़ी केंद्र बंद रखने के आदेश
उत्तराखंड: भारी बारिश का अलर्ट, इस जिले में 5 सितंबर को सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद
सनसनीखेज खुलासा: देहरादून में बुजुर्ग महिला की हत्या, 12 घंटे के भीतर कातिल गिरफ्तार
उत्तराखंड हाईकोर्ट शिफ्टिंग मामले में बड़ा फैसला, नैनीताल से हल्द्वानी बेलबाबा ले जाने के खिलाफ याचिका खारिज
आज का राशिफल (04 सितंबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!