हल्द्वानी में दर्दनाक हादसा! सड़क पार कर रहे अधेड़ को बोलेरो ने रौंदा, मौके पर मौत

ख़बर शेयर करें 👉

हल्द्वानी। शहर के व्यस्त नैनीताल रोड पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक अधेड़ व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा एमबीपीजी कॉलेज के समीप उस समय हुआ जब व्यक्ति सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान अल्मोड़ा जिले के लमगड़ा क्षेत्र से हल्द्वानी की ओर आ रही एक बोलेरो ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि व्यक्ति सड़क पर गिर पड़ा और बोलेरो का पहिया उसके सिर के ऊपर से गुजर गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।

सूचना मिलने पर हल्द्वानी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पास कोई पहचान पत्र नहीं मिलने के कारण उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थानों और गुमशुदगी के रिकॉर्ड के आधार पर पहचान कराने का प्रयास कर रही है।

दुर्घटना के बाद नैनीताल-हल्द्वानी मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा और वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से यातायात को सुचारू कराया।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो को कब्जे में ले लिया है और चालक के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच जारी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कैंची धाम स्थापना दिवस के चलते इन दिनों हल्द्वानी और आसपास के क्षेत्रों में वाहनों की संख्या काफी बढ़ गई है, जिससे ट्रैफिक दबाव और सड़क हादसों का खतरा भी बढ़ गया है।