हल्द्वानी में नशे के खिलाफ पुलिस की सबसे बड़ी कार्रवाई, 1.85 करोड़ की 618 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें 👉

हल्द्वानी। मुख्यमंत्री के “मिशन ड्रग फ्री देवभूमि” अभियान के तहत नैनीताल पुलिस ने वर्ष 2026 की अब तक की सबसे बड़ी नशा विरोधी कार्रवाई करते हुए करीब 1.85 करोड़ रुपये कीमत की 618 ग्राम स्मैक बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में राजस्थान के दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत काठगोदाम पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने यह सफलता हासिल की। एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल और सीओ अमित कुमार के पर्यवेक्षण में पुलिस ने 4 जून को काठगोदाम क्षेत्र के पश्चिमी खेड़ा स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास निर्माणाधीन भवन के निकट चेकिंग अभियान चलाया।

चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 618 ग्राम स्मैक (डाईएसिटाइल मॉर्फिन), एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू और एक हुंडई औरा कार बरामद हुई। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1.85 करोड़ रुपये आंकी गई है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजस्थान के भरतपुर निवासी 27 वर्षीय गजब सिंह और 37 वर्षीय सीताराम के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ काठगोदाम कोतवाली में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे राजस्थान से स्मैक लेकर हल्द्वानी पहुंचे थे और काठगोदाम रेलवे स्टेशन क्षेत्र में इसकी डिलीवरी देने वाले थे। इसके बाद उनका मुक्तेश्वर जाने का कार्यक्रम था। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी गजब सिंह के खिलाफ राजस्थान में पहले से एनडीपीएस एक्ट और आबकारी अधिनियम के तहत कई मामले दर्ज हैं। वहीं दूसरे आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटाई जा रही है।

इस बड़ी सफलता पर एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम को 2,500 रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।

पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक स्मैक तस्करी के 31 मामलों में 35 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इस दौरान 2.18 किलोग्राम से अधिक स्मैक बरामद हुई है, जिसकी अनुमानित कीमत 6.54 करोड़ रुपये से अधिक है। पुलिस का कहना है कि जनपद को नशामुक्त बनाने के लिए अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा।