हल्द्वानी में सनसनी: घर के बाहर फायरिंग से दहशत, बाल-बाल बचे दादा-पोता; आरोपी गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें 👉

हल्द्वानी शहर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब सुभाष नगर इलाके में एक व्यक्ति पर जानलेवा फायरिंग कर दी गई। गनीमत रही कि इस हमले में पीड़ित और उसका पोता बाल-बाल बच गए, लेकिन घटना ने पूरे क्षेत्र में डर और दहशत का माहौल पैदा कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, सुभाष नगर निवासी कमल परमार ने अपने साथियों योगेंद्र परमार और सुदर्शन परमार के साथ कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि शाम करीब 7 बजे मनीष परिहार नामक व्यक्ति कार से उनके घर पहुंचा और अचानक फायरिंग कर दी। गोली सीधे मकान की सीढ़ियों पर जाकर लगी, जिससे बड़ा हादसा होते-होते टल गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमा हरकत में आ गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी और क्षेत्राधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया, जिसने तेजी दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी मनीष परिहार (45 वर्ष), निवासी कृष्णा नगर फेस-6, डहरिया को हिरासत में लेकर उसके कब्जे से .32 बोर रिवाल्वर, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी से पूछताछ जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि फायरिंग के पीछे क्या वजह रही। प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश की आशंका जताई जा रही है।

इस घटना ने एक बार फिर शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी और दोषी को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।