उत्तराखंड: रानीखेत में 27 जुलाई से अग्निवीर भर्ती रैली; सुबह 6 बजे के बाद नहीं मिलेगी एंट्री,…देखें पूरा शेड्यूल

ख़बर शेयर करें 👉

रानीखेत। भारतीय सेना में भर्ती होने का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। कुमाऊं एवं नागा रेजिमेंट सेंटर (KRC) मुख्यालय रानीखेत के ऐतिहासिक सोमनाथ मैदान में 27 जुलाई से सेना भर्ती रैली शुरू होने जा रही है। इसमें अग्निवीर के साथ केंद्रीय और जोनल श्रेणी के विभिन्न पदों के लिए युवाओं को सेना में शामिल होने का अवसर मिलेगा। भर्ती प्रक्रिया 9 अगस्त तक चलेगी।

27 जुलाई से शुरू होगा भर्ती का दौर
रैली के पहले दिन 27 जुलाई को उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के सभी जिलों के युवा धार्मिक शिक्षक जेसीओ और शिक्षा हवलदार की केंद्रीय श्रेणी की भर्ती में हिस्सा लेंगे।

इसके बाद 28 जुलाई को सोल्जर टेक्निकल नर्सिंग असिस्टेंट तथा 29 जुलाई को सोल्जर टेक्निकल नर्सिंग असिस्टेंट और सेपोय फार्मा श्रेणी के लिए उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के युवा अपनी किस्मत आजमाएंगे।

30 जुलाई से अग्निवीर भर्ती, कुमाऊं के इन चार जिलों को मौका
30 जुलाई से 6 अगस्त तक अग्निवीर जनरल ड्यूटी, अग्निवीर टेक्निकल और ट्रेड्समैन की भर्ती आयोजित होगी। इसमें कुमाऊं के अल्मोड़ा, बागेश्वर, नैनीताल और ऊधम सिंह नगर जिलों के पात्र अभ्यर्थी हिस्सा लेंगे।

जिलावार कार्यक्रम के अनुसार 30 जुलाई को बागेश्वर, 31 जुलाई को बागेश्वर व नैनीताल, 1 अगस्त को नैनीताल, 2 अगस्त को नैनीताल व ऊधम सिंह नगर, 3 अगस्त को ऊधम सिंह नगर व अल्मोड़ा तथा 4 और 5 अगस्त को अल्मोड़ा के अभ्यर्थी हिस्सा लेंगे। 6 अगस्त को अग्निवीर टेक्निकल एवं ट्रेड्समैन के लिए चारों जिलों के युवा शामिल होंगे।

सुबह 3:30 बजे मिलेगा प्रवेश, 6 बजे के बाद एंट्री नहीं
निदेशक भर्ती कर्नल महेश कुमार के अनुसार अभ्यर्थियों का सैन्य परिसर में सुबह 3:30 बजे से प्रवेश शुरू होगा और सुबह 6 बजे तक ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। ऐसे में अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से पहले भर्ती स्थल पर पहुंचना होगा।

भर्ती रैली को लेकर प्रशासन और सैन्य अधिकारियों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। अभ्यर्थियों के ठहरने के लिए विभिन्न विद्यालयों, धर्मशाला और सभागार में व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।

17 अगस्त से यूनिट कोटा भर्ती भी
केआरसी एवं नागा मुख्यालय में 17 से 28 अगस्त तक यूनिट कोटा भर्ती रैली भी आयोजित की जाएगी। इसमें उत्तराखंड के साथ उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, मध्य प्रदेश, दिल्ली, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ और पूर्वोत्तर राज्यों समेत देश के विभिन्न हिस्सों के पात्र युवा अलग-अलग श्रेणियों में भाग ले सकेंगे।

सेना भर्ती कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि केवल वही अभ्यर्थी भर्ती रैली में हिस्सा ले सकेंगे, जिनके पास भर्ती नोटिफिकेशन में निर्धारित सभी जरूरी दस्तावेज मौजूद होंगे।