UKSSSC भर्ती में बड़ा बदलाव: सहायक अध्यापक LT (स्पेशल एजुकेशन) की योग्यता में संशोधन, फिर से खुले आवेदन
देहरादून। उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने सहायक अध्यापक एलटी (विशेष शिक्षा शिक्षक) भर्ती में बड़ा संशोधन कर दिया है। आयोग की 12 सितंबर 2025 को जारी विज्ञप्ति संख्या 73 के तहत माध्यमिक शिक्षा विभाग में 128 पदों के लिए आवेदन मांगे गए थे। अब शासन के नए आदेश के बाद शैक्षिक योग्यताओं में संशोधन किया गया है, जिसके चलते नए अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन का अवसर फिर से खोल दिया गया है।
माध्यमिक शिक्षा अनुभाग-01, उत्तराखण्ड शासन के पत्र के आधार पर नई पात्रता के अनुसार उम्मीदवारों के पास विधि द्वारा स्थापित विश्वविद्यालय से स्नातक उपाधि होना आवश्यक है। साथ ही भारतीय पुनर्वास परिषद (RCI) से मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से बीएड स्पेशल एजुकेशन की डिग्री और वैध RCI/CRR नंबर अनिवार्य किया गया है। जिन अभ्यर्थियों के पास सामान्य बीएड के साथ विशेष शिक्षा में समकक्ष सर्टिफिकेट या डिप्लोमा हो, वे भी पात्र होंगे, बशर्ते उनके पास वैध RCI/CRR रजिस्ट्रेशन हो।
समावेशी शिक्षा में क्रॉस दिव्यांगता क्षेत्र का छह माह का प्रशिक्षण आवश्यक रखा गया है। हालांकि परिषद द्वारा यह प्रशिक्षण शुरू न किए जाने की स्थिति में यह शर्त नियुक्ति के बाद दो वर्ष के भीतर पूरी करनी होगी। प्रशिक्षण पाठ्यक्रम NCTE या RCI से मान्यता प्राप्त होना अनिवार्य है। विशेष शिक्षा शिक्षक पद के लिए UPTET-2 या CTET-2 उत्तीर्ण होना भी जरूरी रहेगा।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि नई पात्रता पूरी करने वाले अभ्यर्थी अब इस पद के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। जो उम्मीदवार पहले विज्ञापन संख्या 73 के तहत आवेदन कर चुके थे और नई पात्रता के आधार पर आवेदन करना चाहते हैं, वे अपना पुराना आवेदन रद्द कर दोबारा आवेदन कर सकते हैं। हालांकि उन्हें परीक्षा शुल्क फिर से जमा करना होगा। अन्य सभी शर्तें पहले जैसी ही रहेंगी।
ऑनलाइन आवेदन 11 दिसंबर 2025 से शुरू होंगे, जबकि शुल्क जमा करने और आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 दिसंबर 2025 तय की गई है। आयोग द्वारा यह संशोधन बड़ी संख्या में इच्छुक अभ्यर्थियों को राहत देने वाला माना जा रहा है।



आज का राशिफल (10 फरवरी 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
आज का राशिफल (09 फरवरी 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
हल्द्वानी: युवती का पीछा कर जबरन शादी का दबाव, इनकार पर पत्थर से हमला, आरोपी पर केस दर्ज