उत्तराखंड में युवाओं को बड़ी सौगात: 221 अभ्यर्थियों को मिले नियुक्ति पत्र, धामी बोले- अब नौकरी में नहीं होगी सिफारिश की जरूरत
देहरादून। उत्तराखंड में सरकारी नौकरी का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए मंगलवार का दिन खुशखबरी लेकर आया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों में चयनित 221 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से युवाओं को रोजगार देने के लिए लगातार काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि शहरी विकास, कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग तथा पशुपालन विभाग में चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे गए हैं। उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों में राज्य सरकार 33 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं से जोड़ चुकी है और आने वाले समय में भी रिक्त पदों पर तेजी से भर्तियां की जाएंगी।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि एक समय ऐसा था जब भर्ती प्रक्रियाओं पर सवाल उठते थे और युवाओं के सपनों के साथ खिलवाड़ होता था, लेकिन अब सरकार ने भर्ती व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी बनाया है। उन्होंने कहा कि राज्य में देश का सबसे कठोर नकल विरोधी कानून लागू किया गया है, जिससे योग्य युवाओं को उनका हक मिल रहा है।
उन्होंने नव नियुक्त अभ्यर्थियों से ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि वे केवल सरकारी कर्मचारी नहीं, बल्कि उत्तराखंड के विकास के सहभागी भी हैं। उन्होंने “सरलीकरण, समाधान, निस्तारीकरण और संतुष्टि” को अपना कार्यमंत्र बनाने की सलाह दी।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि अब राज्य में प्रतिभाशाली युवाओं को उनकी मेहनत के दम पर नौकरी मिल रही है। वहीं कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में बिना सिफारिश और बिना भ्रष्टाचार के नियुक्तियां हो रही हैं, जिससे युवाओं का भरोसा सरकार पर बढ़ा है।
कार्यक्रम के दौरान कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के तहत 173 अनुदेशक, 4 वैयक्तिक सहायक, पशुपालन विभाग के 9 वैयक्तिक सहायक तथा शहरी विकास विभाग के 35 सहायक लेखाकारों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
इस मौके पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक उमेश शर्मा काऊ, विधायक सविता कपूर, गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष राजेंद्र अणथ्वाल सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


आज का राशिफल (07 सितंबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
बिन्दुखत्ता: राजस्व ग्राम की मांग पर 23वें दिन उमड़ा जनसैलाब, 1500 ग्रामीणों ने बुलंद की आवाज; राधा रतूड़ी के निर्देश भी बेअसर
नैनीताल: भारी वर्षा की चेतावनी के चलते कल सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित
जमीन बहने के बाद ही क्यों जागता है सिस्टम? बिन्दुखत्ता में गौला नदी के कटाव पर उठे सवाल