बड़ी खबर,….उत्तराखंड में 1000 नए वन रक्षकों की होगी भर्ती, पूरे प्रदेश में लागू होगा ‘शीतलखेत मॉडल’, सीएम धामी ने दिए निर्देश
देहरादून। पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में लगातार बढ़ रही वनाग्नि की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री ने वनाग्नि पर प्रभावी नियंत्रण के लिए 1000 नए फॉरेस्ट गार्ड की नियुक्ति करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जंगलों में आग लगने की घटनाओं पर तेजी से कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए ‘रिस्पॉन्स टाइम’ न्यूनतम रखने को कहा गया है।
शुक्रवार को अधिकारियों के साथ हुई उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि जंगल में आग लगने की सूचना मिलने के एक घंटे के भीतर संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचें। इसके लिए मोबाइल अलर्ट सिस्टम को और अधिक प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया।
मुख्यमंत्री धामी ने अल्मोड़ा जिले के चर्चित ‘शीतलखेत मॉडल’ को पूरे प्रदेश में लागू करने के निर्देश दिए। इस मॉडल में स्थानीय ग्रामीणों, वन पंचायतों और वन विभाग के बीच समन्वय बनाकर जंगल की आग को रोकने और नुकसान कम करने पर विशेष फोकस किया जाता है।
उन्होंने फायर लाइन के आसपास छोटी-छोटी तलैया बनाने, आग की रोकथाम के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने और आग बुझाने वाले कर्मचारियों को पर्याप्त संसाधन व उपकरण उपलब्ध कराने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।
बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि वन संपदा को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही वनाग्नि रोकथाम के लिए ग्राम समितियों और वन पंचायतों को नियमानुसार बजट उपलब्ध कराया जाए और व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए।
मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं को देखते हुए मुख्यमंत्री ने वन विभाग के प्रत्येक प्रभाग में पर्याप्त संख्या में पशु चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
गौरतलब है कि इस वर्ष प्रदेश में अब तक जंगल में आग लगने की 309 घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिनमें 257 हेक्टेयर वन क्षेत्र प्रभावित हुआ है। हाल ही में चमोली में आग बुझाने के दौरान वन विभाग के एक अस्थायी कर्मचारी की मौत भी हो चुकी है, जिसके बाद सरकार वनाग्नि रोकथाम को लेकर और अधिक गंभीर नजर आ रही हैं।


देवेंद्र सिंह बिष्ट ने उठाई बिंदुखत्ता के गन्ना किसानों की आवाज; समितियों में स्थानीय प्रतिनिधियों को नामित करने की मांग
नैनीताल: पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल, 51 निरीक्षक और उपनिरीक्षकों के तबादले; कई थानों को मिले नए प्रभारी
आज का राशिफल (22 मई 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
बड़ी खबर (नैनीताल): भीषण गर्मी के चलते स्कूलों का समय बदला, अब इस समय से लगेंगी कक्षाएं