(बड़ी खबर) उत्तराखंड: तहसील में रिश्वतखोरी का पर्दाफाश, पेशकार 10 हजार की घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें 👉

रुड़की। उत्तराखंड सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए रुड़की तहसील में तैनात पेशकार रोहित को दस हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। देहरादून सैक्टर की ट्रैप टीम ने यह कार्रवाई स्वतन्त्र गवाहों की मौजूदगी में की।

शिकायतकर्ता ने सतर्कता अधिष्ठान की टोल फ्री हेल्पलाइन 1064 पर दी गई शिकायत में बताया था कि उसकी बहन की कृषि भूमि संबंधी एक मामला तहसीलदार न्यायालय रुड़की में लंबित है। अदालत ने इस मामले में 24 मार्च 2025 को एकतरफा आदेश पारित किया था। इसके खिलाफ 21 अप्रैल 2025 को रेस्टोरेशन आवेदन दाखिल किया गया था। आरोप है कि इस आवेदन पर कार्यवाही के एवज में पेशकार रोहित ने 25 हजार रुपये रिश्वत की मांग की।

सतर्कता टीम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की और आज 19 मई को रोहित पुत्र रामपाल सिंह, निवासी मकान संख्या 273, ग्राम कस्बा रुड़की, जनपद हरिद्वार को 10 हजार रुपये की घूस लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के आवास और अन्य ठिकानों पर संपत्ति की जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें 👉  बिंदुखत्ता: राजस्व ग्राम की अधिसूचना कब? 20वें दिन भी जारी रही पदयात्रा, CM को भेजा ज्ञापन

सतर्कता अधिष्ठान के निदेशक डॉ. वी. मुरूगेसन ने इस कार्रवाई में शामिल टीम को नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। वहीं विभाग ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई भी सरकारी कर्मचारी रिश्वत मांगता है या आय से अधिक संपत्ति रखता है, तो उसकी जानकारी निःसंकोच टोल फ्री नम्बर 1064 या व्हाट्सएप नम्बर 9456592300 पर दी जा सकती है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad