बड़ी खबर! उत्तराखंड में अब सड़कों पर नमाज पढ़ी तो होगी कार्रवाई,…CM धामी का बड़ा बयान

ख़बर शेयर करें 👉

देहरादून। पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड में सार्वजनिक सड़कों पर नमाज़ पढ़ने को लेकर सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में किसी भी धार्मिक गतिविधि के नाम पर आम लोगों की आवाजाही बाधित नहीं होने दी जाएगी और कानून व्यवस्था से ऊपर किसी को नहीं माना जाएगा।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रदेश में इस समय चारधाम यात्रा चल रही है, जिसके चलते देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उत्तराखंड पहुंच रहे हैं। ऐसे में सरकार की प्राथमिकता प्रदेश में शांति, अनुशासन और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना है। उन्होंने कहा कि सड़कें आम जनता की सुविधा और यातायात के लिए होती हैं, इसलिए उन्हें किसी भी धार्मिक आयोजन का माध्यम नहीं बनने दिया जाएगा।

सीएम धामी ने स्पष्ट किया कि नमाज़ अदा करने के लिए मस्जिदों, ईदगाहों और प्रशासन द्वारा तय स्थानों का उपयोग किया जाना चाहिए। सार्वजनिक मार्गों पर धार्मिक गतिविधियां कर लोगों को असुविधा में डालना उचित नहीं है और सरकार इसे स्वीकार नहीं करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी समुदायों को अपनी धार्मिक परंपराओं का पालन करने का पूरा अधिकार है, लेकिन किसी की धार्मिक गतिविधि दूसरे लोगों की परेशानी का कारण नहीं बननी चाहिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि सार्वजनिक सड़कों को अवरुद्ध कर अव्यवस्था फैलाने वालों के खिलाफ प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कुछ राजनीतिक दल वोट बैंक की राजनीति के चलते ऐसी गतिविधियों का समर्थन करते हैं, लेकिन उनकी सरकार तुष्टिकरण की राजनीति में विश्वास नहीं करती। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान, शांति और कानून व्यवस्था को हर हाल में बनाए रखा जाएगा।