बड़ी खबर! संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में 7 लाख की लूट; हथियार के दम पर वारदात कर चलती ट्रेन से कूदे बदमाश
रुद्रपुर। संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में सवार दो कर्मचारियों से करीब 7 लाख रुपये की लूट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बदमाशों ने हथियार के बल पर वारदात को अंजाम दिया और हवाई फायरिंग करते हुए चलती ट्रेन से कूदकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, रुद्रपुर की सिंह कॉलोनी स्थित एक ऑटोमोबाइल फर्म के कर्मचारी रितिक मंडल और साहिब सिंह दिल्ली सामान खरीदने के लिए जा रहे थे। दोनों बुधवार सुबह रुद्रपुर रेलवे स्टेशन से ट्रेन में सवार हुए थे। उनके पास करीब 7 लाख रुपये की नकदी थी, जिसे उन्होंने सुरक्षा के लिए बेल्ट बनाकर कमर में बांध रखा था।
बताया जा रहा है कि बदमाशों को पहले से ही इस रकम की जानकारी थी। जैसे ही ट्रेन बिलासपुर रेलवे स्टेशन के पास धीमी हुई, तीन बदमाशों ने दोनों को घेर लिया। उन्होंने तमंचा और पिस्टल तानकर नकदी लूट ली।
वारदात के बाद बदमाशों ने हवाई फायरिंग कर यात्रियों में दहशत फैला दी और मौके का फायदा उठाकर चलती ट्रेन से कूदकर फरार हो गए। घटना के बाद डिब्बे में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही व्यापारी वर्ग में आक्रोश फैल गया। व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा समेत कई व्यापारी रेलवे स्टेशन पहुंचे और रेलवे सुरक्षा बल अधिकारियों से मुलाकात कर जल्द कार्रवाई की मांग की।
फिलहाल पुलिस और आरपीएफ की टीमें मामले की जांच में जुटी हैं। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की तलाश जारी है। इस घटना ने ट्रेन में यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


CBSE 10th Result 2026 घोषित: ऐसे करें चेक, जानें पास प्रतिशत और टॉप अपडेट
आज का राशिफल (15 अप्रैल 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
हल्दूचौड़ में दर्दनाक हादसा: तीसरी मंजिल से गिरकर महिला की मौत, परिवार में मचा कोहराम