(बड़ी खबर) उत्तराखंड: CM धामी ने बांटे नियुक्ति पत्र, 187 अभ्यर्थियों को मिला सरकारी सेवा में मौका
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम में सिंचाई विभाग और उत्तराखंड परिवहन निगम में चयनित 187 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इनमें सिंचाई विभाग के 144 और परिवहन निगम में मृतक आश्रित कोटे से चयनित 43 पात्र अभ्यर्थी शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें ईमानदारी, पारदर्शिता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने वर्षों से लंबित मृतक आश्रितों के प्रकरणों का निस्तारण कर आज सभी पात्रों को नियुक्ति पत्र दे दिए हैं। उन्होंने बताया कि निगम ने वर्ष 2024 में रिकॉर्ड 56 करोड़ रुपये से अधिक का लाभ अर्जित किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल में भर्तियों में भारी धांधली और भ्रष्टाचार हुआ करता था, लेकिन वर्तमान सरकार ने युवाओं के हित में देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू कर पारदर्शिता की नई मिसाल कायम की है। उन्होंने कहा कि बीते साढ़े तीन वर्षों में राज्य के 23 हजार से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है।
मुख्यमंत्री ने सिंचाई विभाग में नियुक्त अभ्यर्थियों से कहा कि वे राज्य की सिंचाई परियोजनाओं के नक्शों व डिजाइनों के निर्माण में तकनीकी दक्षता से योगदान दें। उन्होंने कहा कि इन अभ्यर्थियों में राज्य आंदोलनकारियों के क्षैतिज आरक्षण कोटे से भी कई का चयन हुआ है, जो गर्व का विषय है।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने भी मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हुई पारदर्शी भर्तियों की सराहना करते हुए कहा कि इससे प्रदेश में बेरोजगारी दर में उल्लेखनीय गिरावट आई है। सिंचाई विभाग में नई नियुक्तियों से विकास को नई गति मिलेगी।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक खजान दास, सविता कपूर, सचिव युगल किशोर पंत, अपर सचिव रीना जोशी समेत कई गणमान्य मौजूद रहे।


खौड़ में ग्रामोत्थान शिविर: मंत्री जोराराम कुमावत बोले— गांव के विकास में धन की कमी नहीं आने दूंगा
करोड़ों के फर्जीवाड़े में सख्ती: चर्चित ठेकेदार धनंजय गिरी पर शिकंजा, लापरवाही पर चौकी प्रभारी निलंबित
श्रीमद देवी भागवत महाज्ञान यज्ञ के दूसरे दिन भक्तिरस में डूबा बिंदुखत्ता, माँ भगवती को बताया प्रेम का सागर
महाशिवरात्रि पर बिंदुखत्ता में विराट सद्भावना सम्मेलन, सदगुरुदेव श्री सतपाल महाराज करेंगे संबोधित