पाकिस्तानी कनेक्शन मामले में बड़ा खुलासा! स्कूल टीचर के खातों से 20 लाख से ज्यादा का संदिग्ध लेनदेन, जांच में सामने आए चौंकाने वाले राज
हरिद्वार। पाकिस्तानी कनेक्शन के आरोप में गिरफ्तार प्राइवेट स्कूल की शिक्षिका सोनम से जुड़े मामले में जांच आगे बढ़ने के साथ कई चौंकाने वाले खुलासे सामने आ रहे हैं। जांच एजेंसियों को पता चला है कि सोनम के विभिन्न बैंक खातों में 20 लाख रुपये से अधिक के संदिग्ध ट्रांजेक्शन हुए हैं। पुलिस का दावा है कि इन लेनदेन के बदले वह कमीशन भी प्राप्त कर रही थी।
जांच के दौरान पुलिस ने सोनम के कब्जे से कई एटीएम कार्ड, सिम कार्ड और बैंकिंग से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं। शुरुआती पड़ताल में यह भी सामने आया है कि जम्मू-कश्मीर के कठुआ में पकड़े गए एक आरोपी से पूछताछ के दौरान सोनम का नाम सामने आया था। इसके बाद हरिद्वार पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस मनी ट्रेल खंगाल रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि संदिग्ध धनराशि कहां से आई और किन लोगों तक पहुंचाई गई। उन्होंने संकेत दिए कि मामला केवल एक व्यक्ति तक सीमित नहीं हो सकता, बल्कि इसके पीछे एक बड़ा संगठित नेटवर्क सक्रिय हो सकता है।
बताया जा रहा है कि सोनम एक निजी स्कूल में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थी। उसकी गिरफ्तारी के बाद स्कूल प्रशासन और उसके परिचित भी हैरान हैं। जांच एजेंसियां अब इस बात की पड़ताल कर रही हैं कि उसके संपर्क किन-किन लोगों से थे और संदिग्ध ट्रांजेक्शन का संबंध पाकिस्तान से जुड़े कथित हैंडलर्स तक कैसे पहुंच रहा था।
फिलहाल पुलिस और अन्य जांच एजेंसियां मामले के सभी पहलुओं की जांच में जुटी हैं। आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।


लालकुआं: घर के अंदर फंदे से लटका मिला विवाहिता का शव, परिजनों ने लगाए हत्या के आरोप; जांच में जुटी पुलिस