उत्तराखंड: STF को बड़ी कामयाबी; कुमाऊं में 3.10 करोड़ की हेरोइन के साथ बड़ा सप्लायर गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें 👉

उत्तराखंड STF की एंटी नार्कोटिक्स कुमाऊं यूनिट ने नशा तस्करों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए एक सप्ताह के भीतर दूसरी बड़ी सफलता हासिल की है। STF और किच्छा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में थाना किच्छा के आजाद नगर चौकी क्षेत्र से अभियुक्त सहनवाज को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से रिकॉर्डतोड़ 1 किलो 33 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 3 करोड़ 10 लाख रुपये बताई जा रही है।

ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक STF नवनीत भुल्लर द्वारा पूरे राज्य में नशे के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इन्हीं निर्देशों के क्रम में CO परवेज अली के निर्देशन और प्रभारी निरीक्षक STF एंटी नार्कोटिक्स कुमाऊं यूनिट पावन स्वरुप के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। STF की टीम ने स्थानीय किच्छा पुलिस को साथ लेकर कोतवाली क्षेत्र में संयुक्त ऑपरेशन चलाया, जिसमें यह बड़ी बरामदगी हुई।

पूछताछ में अभियुक्त सहनवाज ने बताया कि उसने यह हेरोइन बरेली निवासी भइया नामक व्यक्ति से खरीदी थी और इसे हरजिंदर नामक व्यक्ति को बेचने के लिए ले जा रहा था। सहनवाज उर्फ मामू को कुमाऊं क्षेत्र में हेरोइन का बड़ा सप्लायर माना जाता है। बताया जा रहा है कि इसके जरिए सप्लाई की जाने वाली हेरोइन उच्च शुद्धता की होती थी, जिस कारण कुमाऊं के ड्रग पैडलरों में इसकी काफी मांग थी।

STF एंटी नार्कोटिक्स यूनिट सहनवाज की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थी। सहनवाज ने यह भी बताया कि वह बरेली के भइया नामक व्यक्ति से नियमित रूप से हेरोइन खरीदता था और अक्सर भइया की ओर से एक डिलीवरी एजेंट माल पहुंचाने आता था, जिसकी पहचान वह फोटो के आधार पर कर चुका है। STF की टीम द्वारा भइया और उसके डिलीवरी एजेंट की तलाश तेज कर दी गई है।

STF अधिकारियों का कहना है कि सहनवाज की गिरफ्तारी नशा मुक्त उत्तराखंड अभियान में एक बड़ी सफलता है, जिससे कुमाऊं क्षेत्र में हेरोइन की सप्लाई पर प्रभावी अंकुश लगेगा। इस कार्रवाई में अभियुक्त से एक मोटरसाइकिल हीरो पैशन प्रो भी बरामद की गई है।
गिरफ्तार अभियुक्त सहनवाज पुत्र इस्तेखार, उम्र 36 वर्ष, निवासी बहेड़ी जनपद बरेली है।

कार्रवाई में STF एंटी नार्कोटिक्स टीम से निरीक्षक पावन स्वरुप, SI विनोद चंद्र जोशी, आरक्षी वीरेंद्र चौहान और आरक्षी इसरार अहमद शामिल रहे, जबकि किच्छा पुलिस टीम में निरीक्षक प्रकाश दानू, SI पवन जोशी, आरक्षी उमेश सिंह और आरक्षी उमेद गिरी शामिल थे।