चारधाम यात्रा 2026: सीएम धामी ने तैयारियों का लिया जायजा, 19 अप्रैल से शुरू होगी यात्रा
रुद्रप्रयाग। पुष्कर सिंह धामी गुरुवार को चारधाम यात्रा की तैयारियों का निरीक्षण करने रुद्रप्रयाग पहुंचे। 19 अप्रैल से शुरू होने वाली इस यात्रा को लेकर सरकार और प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मुख्यमंत्री ने रुद्रप्रयाग से गुप्तकाशी तक एनएच-107 मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को सभी तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
चारधाम यात्रा की शुरुआत अक्षय तृतीया के अवसर पर 19 अप्रैल को उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ होगी। इसके बाद 22 अप्रैल को रुद्रप्रयाग में केदारनाथ और 23 अप्रैल को चमोली में बद्रीनाथ धाम के कपाट खोले जाएंगे।
गुप्तकाशी में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि यात्रा शुरू होने से पहले सभी लंबित निर्माण कार्य और बुनियादी ढांचे से जुड़े प्रोजेक्ट पूरे किए जाएं। उन्होंने यात्रा को प्लास्टिक मुक्त और ग्रीन यात्रा के रूप में संचालित करने पर विशेष जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने गैस आपूर्ति को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तीर्थयात्रियों को किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए केंद्र सरकार से अतिरिक्त गैस आपूर्ति का अनुरोध किया गया है। साथ ही स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को यात्रा से जोड़कर स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने पर बल दिया गया, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिले।
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पैदल मार्गों पर पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और अन्य जरूरी सुविधाओं की भी समीक्षा की गई। प्रशासन को निर्देश दिए गए कि स्वास्थ्य सेवाएं, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त रखी जाए।
वहीं गृह मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव अनुज शर्मा ने भी राज्य अधिकारियों के साथ बैठक कर आपदा प्रबंधन की तैयारियों का आकलन किया। उन्होंने निर्देश दिए कि आपात स्थिति में यात्रा को अस्थायी रूप से रोकने की स्थिति में ट्रांजिट शेल्टर की व्यवस्था की जाए और तीर्थयात्रियों को समय-समय पर अपडेट दिया जाए।
हेलीकॉप्टर सेवाओं को लेकर भी सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। केवल अनुभवी पायलटों को ही तैनात करने को कहा गया है, जो पहाड़ी क्षेत्रों और मौसम की परिस्थितियों से भली-भांति परिचित हों।
हर साल लाखों श्रद्धालुओं को आकर्षित करने वाली चारधाम यात्रा को लेकर इस बार प्रशासन ने सुरक्षा, सुविधा और पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता में रखा है, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और सुगम यात्रा का अनुभव मिल सके।


आज का राशिफल (17 अप्रैल 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
(बड़ी खबर)…हल्द्वानी, लालकुआं, रामनगर समेत 34 स्कूलों पर कार्रवाई, जांच के बाद जारी हुए नोटिस, देखें पूरी लिस्ट