उत्तराखंड में सनसनी: कांग्रेस विधायक तिलकराज बेहड़ के बेटे पर जानलेवा हमला, ICU में भर्ती

ख़बर शेयर करें 👉

रुद्रपुर। उत्तराखंड के पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं किच्छा से कांग्रेस विधायक तिलक राज बेहड़ के छोटे बेटे और रुद्रपुर नगर निगम वार्ड संख्या 39 के पार्षद सौरभ बेहड़ पर रविवार देर शाम नकाबपोश बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। इस सनसनीखेज घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। गंभीर रूप से घायल सौरभ बेहड़ को आनन-फानन में रुद्रपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है और डॉक्टरों की टीम उन्हें ICU में शिफ्ट करने की तैयारी कर रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सौरभ बेहड़ किसी मामले को लेकर आवास विकास चौकी जा रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे तीन नकाबपोश युवकों ने अचानक उन पर हमला कर दिया। बदमाशों ने बेरहमी से मारपीट की, जिससे सौरभ सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही आवास विकास चौकी पुलिस, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंच गए। साथ ही कांग्रेस नेताओं और समर्थकों की भी अस्पताल में भीड़ जुट गई। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और हमलावरों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

इस हमले के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश है। कांग्रेस नेताओं ने कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब एक विधायक के बेटे पर सरेआम हमला हो सकता है तो आम जनता कितनी सुरक्षित है, यह बड़ा सवाल है।

किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि उनका बेटा आवास विकास चौकी जाने की बात कहकर घर से निकला था और रास्ते में बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने उस पर हमला कर दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस को सूचना दे दी गई है और उम्मीद है कि आरोपी जल्द बेनकाब होंगे।