उत्तराखंड में धामी सरकार का बुलडोजर एक्शन: देहरादून में रातोंरात अवैध मजार ध्वस्त
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार के अतिक्रमण विरोधी अभियान के तहत राजधानी देहरादून के वीआईपी क्षेत्र यमुना कॉलोनी में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। सरकारी भूमि पर कथित रूप से अवैध रूप से बनाई गई एक मजार को शुक्रवार देर रात बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के बाद भूमि को अतिक्रमण मुक्त करा लिया गया।
जानकारी के अनुसार यमुना कॉलोनी के स्थानीय निवासियों ने कुछ समय पहले जिला प्रशासन से शिकायत की थी कि सरकारी भूमि पर अवैध निर्माण किया गया है। शिकायत मिलने के बाद प्रशासन ने मामले की जांच कराई, जिसमें संबंधित भूमि सरकारी पाई गई।
अधिकारियों के मुताबिक करीब एक माह पूर्व संबंधित स्थल पर नोटिस चस्पा कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे। निर्धारित समय सीमा के भीतर अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर प्रशासन ने कार्रवाई का निर्णय लिया।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर नगर निगम, सिंचाई विभाग और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम देर रात मौके पर पहुंची। सुरक्षा व्यवस्था के बीच बुलडोजर की मदद से अवैध संरचना को हटाया गया और सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराया गया।
नगर मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशों के अनुसार सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कार्रवाई के दौरान मौके से किसी प्रकार के धार्मिक अवशेष या अन्य सामग्री नहीं मिली।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर अतिक्रमण की नीयत से बनाई गई किसी भी अवैध संरचना को बख्शा नहीं जाएगा। प्रशासन की प्राथमिकता है कि लोग स्वयं अतिक्रमण हटा लें, अन्यथा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
राजधानी के सबसे संवेदनशील और वीआईपी क्षेत्रों में शामिल यमुना कॉलोनी में हुई इस कार्रवाई को सरकार के अतिक्रमण के खिलाफ सख्त रुख के रूप में देखा जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि सरकारी जमीन पर अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।


हल्द्वानी हादसा: अमेजन डिलीवरी सेंटर में लगी भीषण आग, गौलापार और पंचायतघर के दो युवकों की जिंदा जलकर मौत
आज का राशिफल (06 जून 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!