उत्तराखंड: भारी बारिश का रेड अलर्ट के चलते कल इस जिले में कक्षा 1 से 12 तक सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद

ख़बर शेयर करें 👉

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। 20 जुलाई 2026 को जिले में कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, गैर सरकारी और निजी स्कूलों के साथ आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है।

जिला प्रशासन की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, भारत मौसम विज्ञान विभाग देहरादून और एनडीएमए के नेशनल डिजास्टर अलर्ट पोर्टल द्वारा 19 जुलाई को जारी ताजा मौसम पूर्वानुमान के आधार पर अगले 24 घंटों के दौरान देहरादून जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश, आकाशीय बिजली और अति तीव्र से अत्यंत तीव्र बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसे देखते हुए जिले के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी में अवैध अतिक्रमण पर चला प्रशासन का बुलडोजर: नालों पर बने 20 से अधिक पक्के निर्माण किए ध्वस्त

मौसम की गंभीर चेतावनी और किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए आपदा न्यूनीकरण के तहत जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. आशीष चौहान ने 20 जुलाई को सभी शैक्षणिक संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने के आदेश दिए हैं।

मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और मौसम संबंधी आधिकारिक चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।