अल्मोड़ा का लाल देश पर कुर्बान: राजौरी में ऑपरेशन के दौरान शहीद हुए लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी, क्षेत्र में शोक की लहर
अल्मोड़ा। जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में आतंकवादियों के खिलाफ चलाए जा रहे सेना के विशेष अभियान ‘ऑपरेशन शेरूवाली’ के दौरान उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के युवा सैन्य अधिकारी लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी शहीद हो गए। शहादत की खबर मिलते ही पूरे अल्मोड़ा जिले में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं, क्षेत्रवासियों ने वीर सपूत के सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए गर्व भी व्यक्त किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार राजौरी के दुर्गम पर्वतीय क्षेत्र में सेना का सर्च ऑपरेशन चल रहा था। इसी दौरान अभियान के दौरान लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी गहरी खाई में फिसल गए। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं। सेना की ओर से तत्काल उपचार की व्यवस्था की गई, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उन्होंने वीरगति प्राप्त कर ली।
लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी मूल रूप से अल्मोड़ा जनपद के बगवालीपोखर क्षेत्र के निवासी थे। उनका परिवार वर्तमान में पांडेखोला में रहता है। कम उम्र में सेना में अधिकारी बनने वाले बीरेश्वर अपनी मेहनत, अनुशासन और देशसेवा के जज्बे के लिए जाने जाते थे।
शहादत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। सेवानिवृत्त सैन्य कल्याण अधिकारी विजय मनराल ने बताया कि शहीद अधिकारी का पार्थिव शरीर बुधवार को अल्मोड़ा पहुंचने की संभावना है। इसके बाद सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी की शहादत पर जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है। लोगों का कहना है कि उनका बलिदान आने वाली पीढ़ियों को देशसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


लालकुआं में दुकानदारों की मनमानी: सड़क पर दुकानें सजने से चलना हुआ दुश्वार, अब नगर पंचायत का एक्शन शुरू…
पंतनगर में दर्दनाक हादसा: बस की टक्कर से बाइक सवार दो लोगों की मौत; ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा
आज का राशिफल (20 अक्टूबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!