सितारगंज के शक्तिफार्म में बड़ी कार्रवाई; अवैध गर्भपात कराने वाला क्लीनिक सील, संचालिका गिरफ्तार
सितारगंज। शक्तिफार्म क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित एक क्लीनिक पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापेमारी कर अनधिकृत गर्भपात कराने के गोरखधंधे का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान टीम ने गर्भपात में इस्तेमाल होने वाली प्रतिबंधित दवाइयां और चिकित्सकीय उपकरण बरामद किए और क्लीनिक को सील कर दिया।
जानकारी के अनुसार स्वास्थ्य विभाग को लंबे समय से गनेश प्राथमिक चिकित्सालय में महिलाओं और युवतियों के अवैध गर्भपात कराए जाने की शिकायतें मिल रही थीं। इसी सूचना के आधार पर उप जिला चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. कुलदीप यादव ने शुक्रवार देर शाम अपनी टीम के साथ क्लीनिक पर औचक छापेमारी की।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि क्लीनिक का कोई वैध पंजीकरण नहीं था और इसकी संचालिका रंजना गंगवार बिना अनुमति के चिकित्सालय चला रही थी। जांच में यह भी सामने आया कि यहां लंबे समय से अवैध गर्भपात की गतिविधियां संचालित की जा रही थीं।
छापेमारी के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर 25 वर्षीय अविवाहित युवती का गर्भपात करते हुए संचालिका को रंगे हाथ पकड़ लिया। इस दौरान टीम ने क्लीनिक से कई प्रतिबंधित दवाइयां और चिकित्सकीय उपकरण भी बरामद किए। बरामद सामान में एमटीपी किट, मिसोप्रोस्टोल की गोलियां, क्लिंडामाइसिन, कंट्रासेप्ट किट और अन्य चिकित्सकीय उपकरण शामिल हैं।
सूत्रों के अनुसार गनेश प्राथमिक चिकित्सालय की संचालिका का नेटवर्क स्थानीय क्षेत्रों तक ही सीमित नहीं था, बल्कि उत्तर प्रदेश तक फैला हुआ बताया जा रहा है। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग ने क्लीनिक को सील कर दिया है और पूरे मामले की रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है।
उप जिला चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. कुलदीप यादव ने बताया कि क्लीनिक का कोई वैध पंजीकरण नहीं था और यहां अनधिकृत गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। मामले की जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई की जाएगी।


बड़ी खबर! LPG सिलेंडर बुकिंग के नियम बदले; अब दूसरा सिलेंडर लेने से पहले करना होगा इंतजार
होली की रात तरुण हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई: मुख्य आरोपी के मकान पर चला बुलडोजर
आज का राशिफल (08 मार्च 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!