उत्तराखंड में भारी बारिश का रेड-ऑरेंज अलर्ट: इन जिलों में सभी स्कूल रहेंगे बंद,…..अगले 48 घंटे रहें सावधान

ख़बर शेयर करें 👉

देहरादून। उत्तराखंड में मानसून की बारिश एक बार फिर परेशानी बढ़ा सकती है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम की गंभीरता और विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए 20 जुलाई को प्रदेश के 10 जिलों में कक्षा 1 से 12 तक के स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं।

मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, देहरादून, टिहरी गढ़वाल और हरिद्वार में भारी से बहुत भारी और कहीं-कहीं अत्यधिक भारी बारिश की संभावना के मद्देनजर रेड अलर्ट बताया गया है। लगातार बारिश के कारण संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन, सड़कें बाधित होने, नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने और मैदानी इलाकों में जलभराव का खतरा बना हुआ है।

वहीं, नैनीताल, चम्पावत, ऊधमसिंह नगर, उत्तरकाशी और पौड़ी गढ़वाल में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट बताया गया है। पर्वतीय इलाकों में चट्टान गिरने और मलबा आने की आशंका को देखते हुए लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

इसके अलावा रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट बताया गया है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज बारिश के दौर देखने को मिल सकते हैं।

मौसम की चेतावनी के बीच बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए अब तक जारी आदेशों के अनुसार देहरादून, पौड़ी गढ़वाल, टिहरी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, हरिद्वार, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, पिथौरागढ़, चम्पावत और चमोली में 20 जुलाई को कक्षा 1 से 12 तक के सरकारी एवं निजी विद्यालयों के साथ आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है।

प्रशासन ने लोगों से मौसम की स्थिति को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने तथा आधिकारिक मौसम और प्रशासनिक एडवाइजरी पर नजर रखने की अपील की है।