श्रद्धालुओं के लिए राहत भरी खबर: फिर शुरू हुई केदारनाथ यात्रा; सभी हाईवे खुले,…प्रशासन अलर्ट
रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड में मौसम में सुधार के साथ श्रद्धालुओं के लिए राहत भरी खबर है। 20 जुलाई को खराब मौसम के चलते स्थगित की गई श्री केदारनाथ पैदल यात्रा मंगलवार से दोबारा शुरू कर दी गई है। जिला प्रशासन ने यात्रा मार्गों पर निगरानी बढ़ा दी है और सभी संबंधित विभागों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार मंगलवार सुबह रुद्रप्रयाग जिले में हल्की बारिश और कोहरे के बीच मौसम सामान्य रहा। न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सबसे अधिक 77 मिमी बारिश ऊखीमठ तहसील में रिकॉर्ड की गई, जबकि जखोली में 29 मिमी और रुद्रप्रयाग में 1 मिमी वर्षा हुई।
रिपोर्ट के मुताबिक अलकनंदा, मंदाकिनी, गंगानगर और गौरीकुंड समेत सभी प्रमुख नदियों का जलस्तर फिलहाल चेतावनी स्तर से नीचे है और स्थिति सामान्य बनी हुई है।
प्रशासन ने बताया कि जिले के सभी राष्ट्रीय राजमार्ग (हाईवे) फिलहाल यातायात के लिए खुले हैं। हालांकि दो राज्य राजमार्ग, दो लोक निर्माण विभाग (PWD) की सड़कें और नौ पीएमजीएसवाई सड़कें अभी भी विभिन्न स्थानों पर बंद हैं, जिन्हें खोलने का कार्य जारी है।
जिला प्रशासन ने यात्रा मार्गों पर लगातार निगरानी रखने, भारी बारिश या मार्ग बाधित होने की स्थिति में श्रद्धालुओं को सुरक्षित होल्डिंग एरिया में रोकने तथा किसी भी आपदा से निपटने के लिए पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। श्रद्धालुओं से भी मौसम और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


आज का राशिफल (21 जुलाई 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!