उत्तराखंड में सनसनी: बंद कमरे में चली गोली, युवक की मौत; महिला लहूलुहान हालत में मिली
देहरादून। उत्तराखंड के देहरादून जिले के विकासनगर क्षेत्र में बुधवार को गोली चलने की घटना से सनसनी फैल गई। कल्याणपुर इलाके के एक मकान में गोली लगने से 40 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 35 वर्षीय महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला को बेहतर उपचार के लिए देहरादून के एक निजी अस्पताल में रेफर किया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है।
मृतक की पहचान चकराता निवासी कमलेश (40) के रूप में हुई है, जबकि घायल महिला त्यूणी निवासी संगीता नेगी (35) बताई गई है।
कमरे के अंदर से आई गोली की आवाज, दरवाजा तोड़कर घुसी पुलिस
पुलिस के मुताबिक, घटना कल्याणपुर क्षेत्र के एक मकान में हुई। आसपास के लोगों ने गोली चलने की आवाज सुनने के बाद पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश करने पर कमलेश और संगीता लहूलुहान हालत में पड़े मिले।
कमलेश की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि संगीता की हालत गंभीर थी। पुलिस ने घायल महिला को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए देहरादून रेफर कर दिया गया।
कमरे से तमंचा, खोखा और कारतूस बरामद
पुलिस को घटनास्थल से 315 बोर का तमंचा, खोखा और कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस अब फॉरेंसिक और अन्य साक्ष्यों के आधार पर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कमरे के भीतर आखिर क्या हुआ और गोली किन परिस्थितियों में चली।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, जिस मकान में घटना हुई वह रविन्द्र बिष्ट नामक व्यक्ति का बताया गया है। संगीता अपने दो बच्चों के साथ यहां किराये पर रहती है। घटना के समय दोनों बच्चे स्कूल गए हुए थे।
पुलिस के अनुसार संगीता विवाहित है, जबकि कमलेश तलाकशुदा था। हालांकि दोनों के बीच संबंध और घटना के कारणों को लेकर पुलिस जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटनाक्रम की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


लालकुआं की राजनीति में बढ़ी हलचल! हेमवती नंदन दुर्गापाल के जन्मदिन पर उमड़ा जनसैलाब,….चर्चा तेज
आज का राशिफल (22 जुलाई 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
हल्द्वानी में बड़ा हादसा: बंद टैंक में उतरे मां और दो बेटों की दम घुटने से मौत, एक-दूसरे को बचाने में गई जान